{"_id":"6873aa1f7d0a31f0f506839f","slug":"several-died-in-gaza-in-israeli-strikes-hospitals-say-as-ceasefire-talks-drag-on-2025-07-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gaza War: इस्राइली हमलों में बच्चों सहित 30 की मौत, पानी भरने के लिए हुए थे जमा; मृतकों का आंकड़ा 58 हजार पार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Gaza War: इस्राइली हमलों में बच्चों सहित 30 की मौत, पानी भरने के लिए हुए थे जमा; मृतकों का आंकड़ा 58 हजार पार
Sun, 13 Jul 2025 06:14 PM IST
निर्मल कांत
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दीर अल-बलाह
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, दीर अल-बलाह
Published by: निर्मल कांत
Updated Sun, 13 Jul 2025 06:14 PM IST
सार
Gaza War: गाजा पट्टी में इस्राइली हमलों में 30 लोग मारे गए, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं, जबकि संघर्षविराम की कोशिशें जारी हैं। इस्राइल और हमास के बीच युद्ध रोकने और बंधकों की रिहाई को लेकर बातचीत में अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।
विज्ञापन
इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच गाजा पट्टी का दृश्य
- फोटो : एएनआई (फाइल)
विस्तार
गाजा पट्टी में रविवार को इस्राइली हमलों में 30 लोग मारे गए, जिनमें छह बच्चें भी शामिल हैं। ये लोग पानी भरने के लिए एक जगह पर जमा हुए थे। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह हमले ऐसे समय में हुए हैं, मध्यस्थ संघर्षविराम के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
विज्ञापन
इस्राइल और हमास के बीच 21 महीने से जारी युद्ध को रोकने और कुछ इस्राइली बंधकों को छुड़ाने के लिए जारी बातचीत में अब तक कोई खास प्रगति नहीं हुई है। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पिछले हफ्ते वॉशिंगटन में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ इस समझौते पर चर्चा करने पहुंचे थे। हालांकि, बातचीत में एक नई अड़चन सामने आ गई। यह अड़चन संघर्षविराम के दौरान इस्राइली सैनिकों की तैनाती को लेकर है, जिससे नए समझौते की संभावनाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन
इस्राइल दक्षिण गाजा के एक महत्वपूर्ण इलाके में अपने सैनिकों की तैनाती बनाए रखना चाहता है। उसका कहना है कि यह इलाका रणनीतिक रूप से जरूरी है। लेकिन हमास का मानना है कि इस इलाके में सैनिकों की मौजूदगी की जिद यह संकेत देती है कि इस्राइल अस्थायी युद्धविराम के बाद दोबारा युद्ध शुरू करने की योजना बना रहा है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: ट्रंप के खिलाफ केस संभाल रहे वकीलों पर फिर गिरी गाज, अमेरिका में न्याय विभाग ने फिर की छंटनी
इस्राइल का कहना है कि वह युद्ध तभी खत्म करेगा, जब हमास पूरी तरह से आत्मसमर्पण कर दे, अपने हथियार छोड़ दे और देश से बाहर चला जाए। लेकिन हमास ऐसा करने से इनकार कर रहा है। हमास का कहना है कि वह बचे हुए 50 बंधकों को रिहा करने को तैयार है (जिनमें से आधे से भी कम के जिंदा होने की बात कही जा रही है), लेकिन इसके बदले में वह युद्ध पूरी तरह खत्म करने और इस्राइली सेना की पूरी तरह वापसी की मांग कर रहा है।
गाजा में जारी युद्ध के बीच वेस्ट बैंक (पश्चिमी तट) में भी तेजी से हिंसा बढ़ी है। रविवार को वहां दो फलस्तीनियों के जनाजे निकाले गए, जिनमें एक 20 वर्षीय फलस्तीनी-अमेरिकी युवक सैफुल्लाह मुसलत भी शामिल था। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, उसकी मौत अवैध इस्राइली यहूदी बस्तियों के निवासियों के हमले में हुई थी।
गाजा में पानी भरने वाली जगह पर बच्चों की मौत
गाजा के अल-अउदा अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि नुसैरत में पानी भरने के एक स्थान पर इस्राइली हमले के बाद उन्हें 10 शव मिले हैं। अस्पताल के अनुसार, इनमें छह बच्चे भी शामिल थे। यहां के निवासी रमजान नासर ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि रविवार की सुबह करीब 20 बच्चे और 14 वयस्क पानी भरने के लिए कतार में लगे थे। जब हमला हुआ, तो सभी भागे और कुछ लोग जमीन पर गिर गए।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई के लिए पीटीआई ने शुरू किया आंदोलन, 20 कार्यकर्ता गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि फलस्तीनी इस इलाके से पानी ले जाने के लिए करीब दो किलोमीटर पैदल चलते हैं। मध्य जावैदा शहर में अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि एक घर पर इस्राइली हमले में नौ लोग मारे गए, जिनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इस्राइली सेना ने कहा कि उसने पिछले एक दिन में 150 से अधिक लक्ष्यों पर हमला किया है। इस्राइल हमास को नागरिकों के हताहत होने का दोषी ठहराता है, क्योंकि यह चरमपंथी समूह आबादी वाले इलाकों में सक्रिय है।
सात अक्तूबर 2023 को हुए हमले में करीब 1200 लोग मारे गए थे और 251 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इनमें इस्राइली और इस्राइली मूल के अमेरिकी लोग शामिल थे। वहीं, इस्राइल की जवाबी कार्रवाई में 58 हजार से ज्यादा फलस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन