US: जैमीसन ग्रीर बने अमेरिका के नए व्यापार वार्ताकार, ट्रंप की व्यापार नीति को मिलेगा नया नेतृत्व
डोनाल्ड ट्रंप की व्यपार नीति को अब एक नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। इसके तहत अब अमेरिका के नए व्यपार वार्ताकार जैमीसन ग्रीर बनने वाले है। ग्रीर वर्तमान में किंग एंड स्पाल्डिंग की लॉ फर्म में एक भागीदार हैं और इससे पहले यूएसटीआर में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में काम कर चुके है।
विस्तार
सीनेट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के चीन, मैक्सिको और कनाडा के साथ व्यापार संबंधों के विशेषज्ञ जैमीसन ग्रीर को अमेरिका का शीर्ष व्यापार वार्ताकार नियुक्त किया है। ग्रीर अब वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक के साथ मिलकर ट्रंप के आक्रामक व्यापार नीति को लागू करेंगे। सीनेट ने ग्रीर के नामांकन को 56-43 के मत से मंजूरी दी।
बता दें कि ग्रीर, जो पहले वायु सेना के वकील रहे हैं, ट्रंप के पहले कार्यकाल के व्यापार प्रतिनिधि रॉबर्ट लाइटहाइज़र के चीफ ऑफ़ स्टाफ थे। ग्रीर ने चीन के साथ व्यापार विवाद और यूएस-मेक्सिको-कनाडा समझौते पर बातचीत की थी।
इन विभागों में दे चुके हैं सेवा
ग्रीर वर्तमान में किंग एंड स्पाल्डिंग की लॉ फर्म में एक भागीदार हैं और इससे पहले यूएसटीआर में चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में काम कर चुके हैं। कैलिफोर्निया के पैराडाइज के मूल निवासी एक अमेरिकी वायु सेना के दिग्गज भी हैं जिन्होंने इराक, तुर्की और स्टेटसाइड में सेवा की थी।
चार मार्च से टैरिफ लगाने की योजना
राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी उद्योग को बचाने, सरकार के राजस्व को बढ़ाने और दूसरे देशों को व्यापार, कर नीति और आव्रजन जैसे मुद्दों पर रियायतें देने के लिए विदेशी आयातों पर उच्च कर (टैरिफ) लगाने के पक्षधर हैं। अब, ट्रंप 4 मार्च से कनाडा और मैक्सिको से आने वाले सामान पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। इससे उत्तरी अमेरिका के व्यापार पर असर पड़ेगा और 2020 में हुआ व्यापार समझौता भी प्रभावित हो सकता है। ऐसे में व्यापार संबंधों के विशेषज्ञ जैमीसन ग्रीर का नेतृत्व ट्रंप और अमेरिका के हित में हो सकता है।
दूसरी ओर ट्रंप उन देशों पर पारस्परिक टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं, जिनके आयात पर कर अमेरिका की तुलना में अधिक हैं। साथ ही ट्रंप ने 2018 में लगाए गए स्टील और एल्युमीनियम के टैरिफ पर दी गई छूट को हटाने का भी फैसला किया है, जिससे इन धातुओं पर 25 प्रतिशत टैक्स लगेगा।
अर्थशास्त्रियों की चेतावनी
इसी बीच टैरिफ या अन्य संबंधी समस्याओं के चलते अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि इससे कीमतों में बढ़ोतरी और मुद्रास्फीति में इजाफा हो सकता है, जबकि दूसरे देशों से प्रतिशोध की भी संभावना है। ग्रीर ने ट्रंप के संशोधित व्यापार समझौते को मंजूरी दिलाने में मदद की, लेकिन कई डेमोक्रेट्स ने उनके आक्रामक रवैये के कारण उनके नामांकन का विरोध किया। हालांकि सीनेट के नेता जॉन थून ने ग्रीर को इस पद के लिए योग्य बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ट्रंप प्रशासन अमेरिकी किसानों की व्यापार आवश्यकताओं को प्राथमिकता देगा।