"छह महीने की प्रेगनेंट हूं, मुझे यह बच्चा नहीं चाहिए" मां ने दिया विज्ञापन
छ: महीने की एक गर्भवती महिला ने अपने ही अजन्मे बच्चे को बेचने के लिए विज्ञापन दे डाला। मामला जॉर्जिया के एटलांटा का है जहां एक महिला ने पैसे और ड्रग्स के बदले क्रेग्सलिस्ट नाम की एक बेवसाइट पर इश्तेहार डाला कि जो भी उसका बच्चा खरीदना चाहता है वह खरीद सकता है।
एटलांटा के अधिकारी अब इस बात की पुष्टि करने में लगे हैं कि मामला सच है या केवल एक छल। कई लोगों ने इंटरनेट पर ऐसा विज्ञापन देख कर पुलिस में इसकी सूचना दी। पुलिस से यह केस जॉर्जिया जांच ब्यूरो को सौंप दिया है।
ब्यूरो की प्रवक्ता शेरी लैंग का कहना है कि इस मामले को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया, ''हमें काफी गुप्त सूचनाएं मिल रही हैं। हमें कई सूत्रों और लापता- शोषित बच्चों के लिए राष्ट्रीय सेंटर से भी सूचनाएं मिली हैं।''
ड्रग्स के लिए बिक रही ममता
लैंग ने कहा,''हम निश्चित नहीं कह सकते कि यह सिर्फ छल है या नहीं लेकिन यह जरूर कह सकते हैं कि ऐसा होने की पूरी संभावना है।'' पुलिस लगातार इस बात की सच्चाई पता लगाने में जुटी है कि यह पोस्ट किसने डाला।
हांलाकि अभी तक किसी कानून का उल्लंघन नहीं हुआ है लेकिन कई लोगों को क्रेग्सलिस्ट वाले पोस्ट को लेकर आशंका है। अगर यह विज्ञापन झूठा है तो इसे डालने वाले को कई आरोपों का सामना करना पड़ेगा।
बेवसाइट पर यह इश्तेहार डालने वाली महिला ने लिखा था,'' छह महीने की गर्भवती हूं, मुझे यह बच्चा नहीं चाहिए। पैसे या ड्रग्स के लिए बेचने के लिए तैयार हूं। बच्चा शर्तिया गोरा होगा इसलिए मेरे पास सस्ते ऑफर लेकर न आएं। केवल अच्छे और गंभीर ऑफर ही लाएं।''