यौन उत्पीड़न से बचाएंगी ये महिला मिनी बसें
नेपाल की राजधानी काठमांडू में सिर्फ महिलाओं के लिए एक मिनी बस सेवा शुरू की गई है ताकि शहर की भीड़ भरी बसों में यौन उत्पीड़न को कम किया जा सके।
इस बस सेवा को शुरू करने वाली कंपनी के चेयरमैन का कहना कि वह महिलाओं को ज्यादा आराम और सुरक्षित महसूस करवाना चाहते हैं। यह 17 सीटों वाली बसें व्यस्त समय में राजधानी के प्रमुख मार्गों पर चलेंगी। विश्व बैंक के वर्ष 2013 के एक सर्वेक्षण के अनुसार नेपाल में करीब एक चौथाई युवतियों को सार्वजनिक परिवहन में यौन शोषण का सामना करना पड़ता है।
बस में होगी महिला कंडक्टर
काठमांडू में यूं तो सभी बसों में कुछ सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होती हैं, लेकिन इस नियम का पालन कम ही होता है। इस बस सेवा को शुरू करने वाले बागमती ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के भरत नेपाल कहते हैं कि इसका मकसद लंबे समय से जारी यौन शोषण की परेशानी का समाधान करना है जो खासतौर पर व्यस्त समय में बढ़ जाता है।
अभी कंपनी की चार बसों में से सिर्फ़ एक बस में ही महिला कंडक्टर है, लेकिन भरत का कहना है कि उनका लक्ष्य इस बस सेवा को पूरी तरह महिला कर्मचारियों के साथ चलाने का है।