पाकिस्तान: सपने में 13 साल की लड़की ने महिला शिक्षक को ईशनिंदा करते देखा, साथियों ने गला रेतकर उतार दिया मौत के घाट
आरोपी महिलाओं ने बताया कि उनकी 13 साल की किशोरी रिश्तेदार ने सपने में देखा था कि मृतका ने ईशनिंदा की। सपने में ही उसे जान से मारने का आदेश दिया गया।
विस्तार
पाकिस्तान के एक मदरसे में पढ़ाने वाली तीन महिला शिक्षकों ने अपनी एक साथी की गला रेतकर हत्या कर दी। तीनों ने मृतका पर ईशनिंदा करने का आरोप लगाया था। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों महिला शिक्षकों ने यह आरोप अपने एक रिश्तेदार के कहने पर लगाया। हत्या की आरोपी महिलाओं का कहना है कि, उनके रिश्तेदार ने सपने में देखा था कि, मृतका ने ईशनिंदा की थी।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों महिला शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि, जब घटनास्थल पर वह पहुंची तो महिला खून से लथपथ थी। यह हत्या डेरा इस्माइल खान के जामिया इस्लामिया फलाहुल बिनात के बाहर हुई।
13 साल की लड़की ने देखा था सपना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, आरोपी महिलाओं ने बताया कि उनकी 13 साल की किशोरी रिश्तेदार ने सपने में देखा था कि मृतका ने ईशनिंदा की। सपने में ही उसे जान से मारने का आदेश दिया गया। इसके बाद उसने यह बात आरोपी महिलाओं को बताई।
महिला से था धार्मिक मतभेद
पाकिस्तानी अखबरा डॉन की खबर के मुताबिक, आरोपी महिलाओं का मृतका के साथ धार्मिक मतभेद था। मृतका जाने-माने धार्मिक विद्वान मौलाना तारिक जमील की अनुयायी थी। आरोपी महिलाएं इसे नापसंद करती थीं। पुलिस द्वारा दर्ज की गई शिकायत में कहा गया कि, आरोपी महिलाओं की उम्र 17 से 24 वर्ष के बीच है।