गजा संघर्ष में मौतों की संख्या 300 के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गजा की तरफ से इसराइल में घुसने की कोशिश कर रहे दो चरमपंथियों को रोकने की कोशिश में दो इसराइली सैनिकों की मौत हो गई है।
इसराइल की फौज का कहना है कि बंदूकों और टैंक भेदी मिसाइलों से लैस कम से कम नौ चरमपंथी एक सुरंग के रास्ते इसराइल में प्रवेश करने की ताक में थे।
फौज का कहना है कि एक इसराइली गश्ती दस्ते ने उनके हमले को नाकाम कर दिया। इस क्रम में एक चरमपंथी की मौत हो गई। दूसरी ओर फलस्तीनी प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि शनिवार के दिन 30 से अधिक लोग मारे गए।
फलस्तीन की तरफ मारे गए लोगों की कुल तादाद 330 हो गई है। फलस्तीनी चरमपंथियों ने हालांकि इसराइल पर राकेट हमले जारी रखे हैं। इस हमले में एक इसराइली नागरिक की मौत हो गई है।
टैंक और हेलीकॉप्टर से हमला
दूसरी तरफ इसराइली टैंकों और हेलीकॉप्टरों की मदद से गजा पट्टी पर हमला जारी है। गजा में राहतकर्मियों ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र के 34 राहत शिविरों में 40 हजार से ज्यादा लोग मौजूद हैं।
इसराइल का कहना है कि उसके सैन्य अभियान का मकसद उन सुरंगों को तबाह करना है जिनमें हमास के चरमपंथियों ने रॉकेट जमा कर रखे हैं।
इसराइली प्रधानमंत्री ने जमीनी फौजी कार्रवाई के विस्तार की बात कही है।
प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतन्याहू ने कहा, "सुरंगों को सिर्फ हवाई तरीकों से नष्ट करना नामुमकिन है इसलिए हमारे सैनिक उनसे जमीन पर निपट रहे हैं। हमें पूरी कामयाबी की उम्मीद नहीं है लेकिन हम बेहतर नतीजों के लिए हर मुमकिन कोशिश करेंगे।"
उधर संयुक्त राष्ट्र में फलस्तीनी राजदूत रियाद मंसूर ने कहा है कि गजा में इसराइल का हिंसक अभियान आत्मरक्षा नहीं बल्कि बदले के लिए की जा रही सैन्य चढाई है।