नॉर्थ कोरिया ने फिर किया मिसाइल परीक्षण, जापान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
उत्तर कोरिया ने फिर मिसाइल परीक्षण किया है। जापानी सरकार का कहना है कि यह मिसाइल उत्तरी जापान के ऊपर से उड़ते हुए समुद्र में जा गिरी। उत्तर कोरिया के ताज़ा परीक्षणों की श्रृंखला में अब से पहले कोई मिसाइल जमीन के ऊपर से होकर नहीं गुजरी। जाहिर है इससे दोनों देशों के बीच तनाव बहुत बढ़ सकता है। स्थानीय समय के मुताबिक मंगलवार सुबह यह मिसाइल छोड़ी गई। जापान की तरफ से मिसाइल को ध्वस्त करने की कोई कोशिशें नहीं की गईं।
पढ़ें:- अमेरिकी अड्डों पर मिसाइल अभ्यास करेगा जापान, नॉर्थ कोरिया से है खतरा
सायरन बजाकर लोगों को किया गया सावधान
मिसाइल ने जापान के उत्तरी होकाइडो द्वीप से पूर्व की ओर करीब तीन हज़ार किलोमीटर की दूरी तय की। इसके बाद मिसाइल की जद में आने वाले जापानी इलाकों में सायरन बजाकर लोगों को सावधान किया गया और उन्हें बेसमेंट और मजबूत इमारतों में जाने के लिए कहा गया।
स्थानीय मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, गिरने से पहले मिसाइल के तीन टुकड़े हो गए थे। शनिवार को भी उत्तर कोरिया ने तीन छोटी दूरी की मिसाइलों का अपने पूर्वी किनारे से परीक्षण किया था।
'एक अभूतपूर्व, गंभीर खतरा'
ताजा घटना के बाद, जापानी सरकार ने मिसाइल की जद में आने वाले इलाके के लोगों को सावधानी बरतने को कहा है। हालांकि जापान की प्रसारण कंपनी एनएचके के मुताबिक, किसी नुकसान के संकेत नहीं हैं। जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि सरकार लोगों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए बहुत कुछ कर रही है। मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने उत्तर कोरिया के इस परीक्षण को 'एक अभूतपूर्व, गंभीर खतरा' बताया है। उन्होंने कहा है कि जापान इसके जबाव में 'उचित कदम' उठाएगा।
गुआम पर हमले की धमकी भी दी थी
सियोल में मौजूद बीबीसी की योगिता लिमये के मुताबिक, मिसाइल के उड़ान मार्ग को देखते हुए जापान इस परीक्षण को तनाव में बढ़ोतरी के तौर पर देखेगा। उत्तर कोरिया ने कुछ ही दिन पहले अमरीका तक जाने में सक्षण इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल के सफल परीक्षण का दावा किया था और अमरीकी द्वीप गुआम पर हमले की धमकी भी दी थी।
अमरीकी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि मंगलवार के परीक्षण से अमरीका पर कोई खतरा जाहिर नहीं होता है और सेना और खुफिया जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।