मलेशिया एयरलाइंस एमएच-17 पर दागी गई थी रूसी मिसाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वी यूक्रेन में दो साल पहले मलयेशिया एयरलाइंस के एमएच-17 यात्री विमान को ‘बक’ नामक रूसी मिसाइल से मार गिराया गया था। इसका खुलासा मामले की आपराधिक जांच में हुआ है। इस घटना में विमान में सवार 298 यात्रियों की मौत हो गई थी। बुधवार को मामले की आपराधिक जांच में कहा गया कि जुलाई 2014 में यात्री विमान पर मिसाइल से हमला करने में शामिल रहे 100 संदिग्धों की पहचान की है, जिनकी जांच की जा रही है।
ये लोग मिसाइल से हमला करने में शामिल रहे या फिर मिसाइल को रूस से यूक्रेन पहुंचाने में मदद की। इन संदिग्धों में से सिर्फ दो रूसी व्यक्ति एंड्री इवानोविच और निकोले फियोडोरोविच की पहचान का खुलासा किया गया है। हालांकि रूस ने अलगाववादियों के कब्जे वाले इलाके से किसी मिसाइल के छोड़े जाने की बात को सिरे से खारिज किया है।
डच पुलिस की जांच रिपोर्ट में कहा गया कि विमान को मार गिराने के लिए इस्तेमाल की गई बक मिसाइल को रूस से यूक्रेन पहुंचाया गया था। जांचकर्ताओं ने इस बात की भी पुष्टि की है कि बक मिसाइल को पूर्वी यूक्रेन से जमीन से छोड़ा गया था।
यह इलाका उस समय रूस समर्थित अलगाववादियों के कब्जे में था। विद्रोहियों के कब्जे वाले यूक्रेन में इस विमान पर उस वक्त मिसाइल से हमला किया गया, जब वह एम्सटर्डम से कुआलालंपुर जा रहा था।
यूक्रेन के अलगाववादियों ने जांच रिपोर्ट को किया खारिज
इस हमले में 196 डट नागरिक समेत 298 यात्रियों की मौत हो गई थी। डच पुलिस की जांच टीम के प्रमुख विलबर्ट पौलिसेन ने कहा कि जिस इलाके से बक मिसाइल को दागा गया, वह उस वक्त रूसी अलगाववादियों के कब्जे में था।
पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित शीर्ष अलगाववादी कमांडर जनरल एडुयर्ड बसुरिन ने विमान को मार गिराने की जांच रिपोर्ट को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पीपुल्स रिपब्लिकन ऑफ दोनेत्स्क के सुरक्षा बलों ने बक मिसाइल से विमान पर हमला ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसे किसी भी तरह के हथियार नहीं हैं, जिससे विमान पर हमला किया जा सके।