इजरायल ने शिंजो को 'जूते' में परोसा खाना, जापान को नहीं पचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे और उनकी पत्नी ने जब इजरायली प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ 2 मई को इजरायली प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर डिनर किया तो उन्हें डेजर्ट 'जूते' में परोसा गया।
इजरायल के सेलिब्रिटी शेफ मोशे सेगेव जो प्रधानमंत्री के निजी शेफ भी हैं उन्होंने शानदार डिनर के अंत में डेजर्ट के रूप में चुनिंदा चॉकलेट धातु के बने 'जूते' में रखकर पेश की। जापानी संस्कृति में जूते को बेहद अपमानजनक माना जाता है। आबे ने तो जूते में पेश किए गए डेजर्ट को बिना हिचक के खा लिया, लेकिन जापानी और इजरायली राजनयिकों को ये बात गले नहीं उतरी। जापान पर नजर रखने वाले विश्लेषक भी ये देखकर चौंक गए कि जापानी प्रधानमंत्री को खाना जूते में पेश किया गया।
जापानी संस्कृति में जूता
जापान में लंबे समय तक रहे एक वरिष्ठ राजनयिक ने इजरायली अखबार येदियोत अहरानोत से कहा, "ये एक असंवेदनशील और बेवकूफी से भरा फैसला था।" उन्होंने कहा, "जापानी संस्कृति में जूते से ज्यादा तुच्छ कुछ भी नहीं है। जापानी न सिर्फ अपने घरों में बल्कि दफ्तरों में भी जूते बाहर निकालकर जाते हैं। यहां तक की प्रधानमंत्री और अन्य मंत्री और सांसद भी अपने दफ्तरों में जूते पहनकर नहीं जाते हैं। ये ऐसा ही है जैसे किसी यहूदी मेहमान को सुअर की शक्ल में खाना परोसा जाए।"
एक जापानी राजनयिक ने येदियोत से कहा, "कोई भी संस्कृति जूतों को मेज पर नहीं रखती है। आखिरकार उस शेफ के दिमाग में चल क्या रहा था। अगर ये मजाक था तो हमें ये मजेदार नहीं लगा। हम अपने प्रधानमंत्री के साथ हुए इस व्यवहार को लेकर नाराज हैं।"
Chocolate selection from the world 🌎 by #SegevArt ⭐️⭐️⭐️⭐️⭐️ / A metal shoe by @tomdixonstudio
A post shared by segevmoshe (@segevmoshe) on
शेफ सेगेव ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर तस्वीरें डाली
शेफ सेगेव ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर डिनर से जुड़ी तस्वीरें डाली थीं। इनमें जूते में पेश किया गया डेजर्ट भी शामिल था। एक यूजर ने इस तस्वीर पर टिप्पणी करते हुए लिखा, "आपने अपनी सबसे बड़ी गलती कर दी है। एक अन्य यूजर ने लिखा, "ये देश इस बात को कभी भूल नहीं पाएगा। सेगेव मैं तुम्हें बहुत प्यार करता था लेकिन तुमने हमें शर्मिंदा कर दिया।"
कई अवॉर्ड जीत चुके शेफ सेगेव इजरायल के प्रमुख रेस्त्रां स्वामी हैं, कई किताबें लिख चुके हैं और टीवी सेलिब्रिटी हैं। वो वो ईआई एआई एयरलाइंस के मुख्य शेफ भी हैं। शिंजो आबे जब 2015 में पहली बार इजरायल आए थे तब वो ऐसा करने वाले पहले जापानी प्रधानमंत्री थे। आबे और नेतन्याहू की मुलाकात के दौरान उत्तर कोरिया, ईरान परमाणु समझौते और इजरायल-फलस्तीनी शांति वार्ता पर चर्चा हुई।