तो क्या जिंदा है IS का खूंखार आतंकी अल बगदादी?
बर्बर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का सरगना अबू बक्र अल बगदादी 18 महीनों बाद दुनिया के सामने नजर आया है। इस आतंकी के कई बार मारे जाने की खबरें या फिर बुरी तरह जख्मी होने की खबरें आती रही हैं।
एक स्थानीय चैनल की ताजा फुटेज में बगदादी इराकी शहर फलूजा की एक मस्जिद में बच्चों से बातें करता नजर आ रहा है। इस खूंखार आतंकी के सिर पर अमेरिका ने दस मिलियन डॉलर यानी करीब 70 करोड़ रुपये का इनाम रखा है।
अखबार ‘द टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीविजन फुटेज में बगदादी बच्चों की भीड़ को संबोधित करता नजर आ रहा है।
अखबार का दावा
अखबार के मुताबिक बगदादी जिस वक्त भाषण दे रहा था उस वक्त उसके पीछे आईएस का एक बैनर टंगा है, जिस पर कुरान से संबंधित एक प्रतियोगिता के आयोजन के बारे में लिखा है
इसमें यह भी लिखा है कि इस प्रतियोगिता को जीतने वाले को बगदादी के हाथों पुरस्कार मिलेगा। दुनिया का मोस्टवांटेड बगदादी सार्वजनिक तौर पर शायद ही कभी नजर आता है। पिछली बार वह जुलाई 2014 में मोसुल में नजर आया था।