{"_id":"0236bc00-29cb-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"hu-jintao-gave-warning-on-corruption","type":"story","status":"publish","title_hn":"हू जिंताओ ने दी भ्रष्टाचार पर कड़ी चेतावनी","category":{"title":"Rest of World","title_hn":"बाकी दुनिया","slug":"rest-of-world"}}
हू जिंताओ ने दी भ्रष्टाचार पर कड़ी चेतावनी
बीबीसी
Updated Thu, 08 Nov 2012 11:07 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन में एक दशक बाद एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन करने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। पार्टी कांग्रेस की शुरुआत करते हुए राष्ट्रपति हू जिंताओ ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी में भ्रष्टाचार देश पर उसके 63 वर्ष पुराने नियंत्रण के लिए घातक हो सकती है।
विज्ञापन
अपना पद छोड़ने जा रहे नेता ने कहा, "यदि हम इस मुद्दे से ठीक तरह से निपटने में सफल नहीं हुए तो ये पार्टी के लिए घातक हो सकता है, इससे पार्टी धराशाई हो सकती है और राष्ट्र का पतन भी हो सकता है।" एक हफ्ते चलने वाली पार्टी कांग्रेस की इस बैठक में देश भर से 2270 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
विज्ञापन
ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में हो रही इस बैठक के दौरान विरोध प्रदर्शन आदि के आसार को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। हू जिंताओ के नेतृत्व में पिछले एक दशक में चीन दुनिया की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। लेकिन पार्टी और देश में बढ़ता भ्रष्टाचार इतना बड़ा मुद्दा बन गया कि ये देश के आर्थिक विकास पर हावी हो गया।
विज्ञापन
देश भर में टेलीविजन पर देखे गए अपने डेढ़ घंटे के भाषण में हू जिंताओ ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों की जाँच के लिए पार्टी को कड़ा रूख अख्तियार करना होगा। उन्होंने कहा, "वो सभी लोग जिन्होंने पार्टी के अनुशासन को और देश के क़ानून को तोड़ा है, उसके पास चाहे जो शक्तियाँ हों या वो पार्टी में किसी भी पद पर हों, उन्हें बिना रहम के न्याय के कटघरे में लाना होगा।"
हू ने कहा कि पार्टी में बड़े पदों पर बैठे लोगों को आचार संहिता का पालन करना चाहिए और स्वच्छ प्रशासन चलाते हुए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रकाश में लाना चाहिए।
भ्रष्टाचार के कई मामले
हू जिंताओ की ये चेतावनी ऐसे समय में आई है जब हाल के दिनों में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के भ्रष्टाचार के मामलों से देश में भूचाल सा आ चुका है और उन्हें कड़ी सज़ा दी गई है। बो शिलाई और पूर्व रेलवे मंत्री लिउ झिझुन को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के बाद हटाना पड़ा है।
पार्टी कांग्रेस की बैठक के पहले न्यूयॉर्क टाइम्स की इस पड़ताल ने भी खूब हलचल मचाई कि प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के परिवार ने पिछले दस वर्षों के उनके सत्तारूढ़ रहने के दौरान 2.7 अरब डॉलर के अधिक की संपत्ति अर्जित की है। हालांकि वेन के अनुरोध पर पार्टी ने इस रिपोर्ट की जाँच शुरु कर दी है।
इससे पहले ब्लूमबर्ग न्यूज एजेंसी ने उपराष्ट्रपति झी जिनपिंग के परिवार वालों पर इसी तरह के आरोप लगाए थे। झी पार्टी के अगले प्रमुख चुने जाने वाले हैं और इस नाते वे देश के राष्ट्रपति भी होने जा रहे हैं।