इस एयरपोर्ट को बनाने में लगे थे 75 अरब रुपए, बिक रहा है सिर्फ 6.5 लाख में
स्पेन में एक ऐसा एयरपोर्ट है, जिसे बनाने में तो 1.1 अरब यूरो (1.2 अरब डॉलर यानी करीब 75 अरब रुपए) का खर्च आया था, लेकिन अब इसकी कीमत मात्र 10 हजार यूरो (करीब 6.5 लाख रुपए) रुपए लगाई गई है।
दरअसल, यह एयरपोर्ट अधिक ट्रैफिक न मिलने की वजह से इसके बनने के सिर्फ चार साल बाद ही ठप हो गया था। अब इसे नीलाम किया जा रहा है, जिसकी आखिरी तारीख बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है।
इस एयरपोर्ट का नाम थियॉड्रियाल सेंट्रल एयरपोर्ट है। इसे खरीदने के लिए 6.5 लाख रुपयों की ये बोली चीन की एक कंपनी ने लगाई है। इस कंपनी का नाम है त्जानीन इंटरनेशनल।
न्यूनतम कीमत है 180 करोड़ रुपए
त्जानीन इंटरनेशनल का कहना है कि वो इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल चीनी कंपनियों के यूरोप में प्रवेश करने के लिए करेगा। आपको बता दें कि इस नीलामी की न्यूनतम कीमत 2.5 करोड़ यूरो ( करीब 180 करोड़ रुपए) रखी गई है।
अभी तक इसके लिए सिर्फ चीन की कंपनी ने ही रुचि दिखाई है। हालांकि, एयरपोर्ट के लिए और भी बोलियां लगने की उम्मीद है। यह भी साफ नहीं है कि 10 हजार यूरो की ये डील सफल होगी भी या नहीं, क्योंकि नीलामी की प्रक्रिया के बाहर भी इस एयरपोर्ट को खरीदा जा सकता है।