फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Rest of World ›   bomb blast in Medina mosque Saudi Arabia

धमाकों से दहले सऊदी के तीन शहर, नौ की मौत, दो घायल

Tue, 05 Jul 2016 06:23 AM IST
एजेंसी/ रियाद
एजेंसी/ रियाद Updated Tue, 05 Jul 2016 06:23 AM IST
विज्ञापन
bomb blast in Medina mosque Saudi Arabia

सऊदी अरब के तीन शहर सोमवार को आत्मघाती हमले से थर्रा उठे। पवित्र माह रमजान में हुए इन धमाकों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। हमलावरों ने इस्लाम में दूसरे सबसे पवित्र शहर मदीना स्थित पैगंबर मस्जिद के सुरक्षा मुख्यालय, अमेरिकी राजनयिकों और शियाओं को निशाना बनाया।

विज्ञापन


ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब कुछ दिन पहले ही आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने एक के बाद एक तुर्की, बांग्लादेश और इराक में बड़ी तादाद में लोगों की हत्याएं की। माना जा रहा है ईद-उल-फितर के त्योहार को देखते हुए ये हमले किए गए हैं।
विज्ञापन


मदीना में पैगंबर मस्जिद के सुरक्षा मुख्यालय के पास आत्मघाती धमाके में हमलावर के अलावा चार सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों की मौत हो गई। हालांकि सऊदी की सरकारी अल-अरबिया टेलीविजन ने मदीना धमाके में तीन आत्मघाती हमलावरों के अलावा दो सुरक्षा अधिकारियों के मारे जाने की खबर दी है। मीडिया में आई तस्वीरों में पार्किंग एरिया से धुआं उठता दिखा।
विज्ञापन
विज्ञापन


उधर, पूर्वी सऊदी अरब के कातिफ में एक शिया मस्जिद के बाहर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आसपास के लोगों ने घटना स्थल की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें सड़क पर मामूली आग जलती दिख रही है। इससे पहले जेद्दा शहर में सोमवार तड़के अमेरिकी मिशन के पास भी आत्मघाती हमला हुआ।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमलावर मारा गया है, किसी अन्य के मरने की कोई सूचना नहीं मिली है। एक सऊदी सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जेद्दा में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास एक हमलावर ने कार पार्क की और फिर धमाका कर दिया।

हमले के बाद वाणिज्य दूतावास के अधिकतर कर्मचारियों ने अपना कार्यालय किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया। विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को जेद्दा में हुए विस्फोट की जानकारी है और वे अधिक जानकारी एकत्र करने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। 

.. तेज धमाका हुआ और पूरी धरती हिल गई

bomb blast in Medina mosque Saudi Arabia

उमेश शर्मा(मुरादाबाद) सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में मस्जिद ए हरम के पास बने थाने के गेट पर एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को बम से उड़ा लिया। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त मुरादाबाद के तीन निर्यातक परिवार भी मदीना में मौजूद थे। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर ही एक होटल में ठहरे मुरादाबाद के निर्यातक परिवारों का कहना है कि, अचानक तेज धमाका हुआ और ऐसा लगा जैसे पूरी धरती हिल गई हो।

महानगर में हाथी वाला मंदिर के पास फैजगंज निवासी निर्यातक आब्दे इलाही पुत्र डा. वासिफ इलाही ने मदीना से फोन पर बताया कि बम धमका मगरिब की नमाज के वक्त हुआ। इसलिए ज्यादातर लोग या तो मसजिद में थे या फिर रोजा खोलने के लिए जा चुके थे।

आब्दे इलाही ने बताया कि उनके साथ मुरादाबाद के काजी इमरान और तनवीर इलाही भी परिवार समेत होटल मोबिन पिक में ठहरे हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय समय के मुताबिक यह बम धमाका रात करीब सवा दस बजे हुआ।

आब्दे इलाही के मुताबिक तेज धमाके से लगा कि पूरी धरती हिल गई है। शुरू में लोगों को समझ में ही नहीं आया कि हुआ क्या है..? लेकिन धमाके के थोड़ी देर बाद ही पूरा इलाके में धुएं का गुबार उठने लगा और आकाश में धुआं छा गया।

इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की दर्जनों गाड़ियां धमाके वाली जगह की ओर दौड़ना शुरू हो गईं। निर्यातक ने बताया कि थोड़ी देर बाद पता लगा कि थाने के गेट पर किसी आत्मघाती ने खुद को बम से उड़ा लिया है।

धमाके के बाद दहशतजदा लोग होटलों में आ गए। देर रात तक सऊदी पुलिस मौके पर जांच पड़ताल में जुटी थी। आब्दे इलाही का कहना है कि बम धमाके के वक्त ज्यादातर लोग रोजा खोलने आ गए थे लिहाजा ब्लास्ट में ज्यादा लोगों के हताहत होने की आशंका नहीं है, पुलिस को ही मुख्य रूप से निशाना बनाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed