मानवीय सहायता समूह के काफिले पर हवाई हमला, 12 वालंटियर की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीरिया के अलेप्पो प्रांत में मानवीय मदद पहुंचाने जा रहे एक काफिले पर हवाई हमले किए गए। इसमें 12 रेड क्रीसेंट वालंटियरों की मौत हो गई। सीरियाई सेना की ओर से एक सप्ताह के संघर्ष विराम समाप्त होने की घोषणा करने के बाद यह हवाई हमला सामने आया है।
इस घटना से नाराज संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि सीरियाई लोगों की मदद करने वाले लोगों पर हमला करने को युद्ध अपराध माना जाएगा। यूएन ने बताया कि सोमवार को हवाई हमले में 31 वाहनों के काफिले में से 18 ट्रक नष्ट हो गए।
ये वाहन ओरम अल-कुब्रा टाउन में मानवीय सहायता पहुंचाने जा रहे थे, तभी इन पर हमला किया गया। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि हवाई हमले में 12 रेड क्रेसेंट वालंटियर और चालकों की मौत हो गई है। संघर्ष विराम खत्म होने के बाद से अब तक इलाके में कुल 36 लोगों की मौत हो चुकी है।
स्पष्ट नहीं कि हमला सीरियाई विमानों ने किया है या रूसी
यूएन सहायता प्रमुख स्टीफन ओब्रियन ने बताया कि अगर सहायता समूह को जानबूझ कर निशाना बनाया गया है, तो इसे युद्ध अपराध माना जाएगा। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह हवाई हमला सीरियाई विमानों ने किया है या रूसी।
यूएन और सीरियन अरब रेड क्रीसेंट के मानवीय मिशन ने संघर्ष विराम के दौरान अलेप्पो शहर मानवीय सहायता पहुंचाने की मांग की थी। हालांकि सोमवार रात को संघर्ष विराम समाप्त कर दिया गया, जिसके बाद से अलेप्पो शहर में गोले और बम बरसाए जा रहे हैं।