ड्रोन उड़ाने के आरोप में पत्रकार गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेरिस की पुलिस ने गैर कानूनी ड्रोन उड़ाने के आरोप में अल-जजीरा के तीन पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस ड्रोन का पता बा दी ब्लोइन इलाके में लगाया था। अभियोजन पक्ष के एक प्रवक्ता ने कहा, इन गिरफ्तारियों और रात में शहर के ऊपर उड़ने वाले रहस्यमयी ड्रोन के बीच कोई रिश्ता नहीं है।
वहीं अल-जजीरा का कहना है कि उसके पत्रकार हाल में दिखे रहस्यमयी ड्रोनों के बारे में एक रिपोर्ट के लिए शूटिंग कर रहे थे। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन शहर के कुछ प्रमुख स्थानों के ऊपर ड्रोन उड़ते देखे गए।
बिना लाइसेंस के पेरिस के ऊपर ड्रोन उड़ना प्रतिबंधित है। आरोप साबित होने पर अधिकतम एक साल की जेल और 75 हजार यूरो का जुर्माना हो सकता है।
न्याय व्यवस्था से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा कि तीन गिरफ्तार लोगों में से एक व्यक्ति ड्रोन का संचालन कर रहा था, दूसरा उसकी वीडियो रिकार्डिंग कर रहा था और तीसरा व्यक्ति यह सब होते हुए देख रहा था।
पेरिस में रात में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित
गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम और राष्ट्रीयता अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। सैटेलाइट टीवी चैनल अल-जज़ीरा का मुख्यालय कतर में है। मध्य पेरिस में किसी विमान का छह हजार मीटर से नीचे उड़ना गैर कानूनी है। इससे नीचे ड्रोन, पुलिस हेलिकॉप्टर और एअर एबुंलेंस उड़ाने के लिए अधिकारियों से इजाजत लेनी पड़ती है।
वहीं वहां पर रात में ड्रोन का उड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित है। पिछले साल अक्तूबर में शहर के एक ऐतिहासिक होटल के ऊपर ड्रोन उड़ाने पर 24 साल के एक इसराइली युवक को एक रात के जेल की सजा और चार सौ यूरो का जुर्माना लगाया गया था।
हाल के सालों में पूरे देश में अज्ञात ड्रोन उड़ते देखे गए। अभी हाल ही में राष्ट्रपति भवन के ऊपर और ब्रिटैनी खाड़ी, जहां परमाणु पनडुब्बियां होती हैं, वहां भी ड्रोन उड़ता पाया गया।
परमाणु बिजली घरों के ऊपर भी ड्रोन मंडराते देखे गए हैं। फ्रांस के अधिकारियों ने इन मामलों की जांच शुरू कर दी है। लेकिन सरकारी प्रवक्ता ने सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं जताई।