इसराइली हमले में 53 मरे, 200 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसराइल और हमास के बीच 72 घंटे का संघर्ष विराम पहले कुछ ही घंटे में टूट गया। गजा के दक्षिणी इलाके रफाह में इसराइली सेना के हवाई हमले में 53 लोग मारे गए हैं जबकि 200 लोग घायल हुए हैं।
इसराइल ने हमास पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का अरोप लगाया जबकि गजा के अधिकारियों ने इसराइल पर आरोप लगाए हैं। इसराइली अधिकारियों का दावा है कि रफाह हमला, फलस्तीनी रॉकेट के जवाब में किया गया है।
इसराइली सेना का कहना है कि सुरंगों को ध्वस्त करने के अभियान में आत्मघाती हमले में उसके दो सैनिक मारे गए। एक अन्य इसराइली सैनिक का अपहरण हो जाने की आशंका जताई जा रही है।
मरने वालों की संख्या 1400 हुई
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने संघर्ष विराम के उल्लंघन पर गहरी निराशा जताई है, जबकि अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने फलस्तीनी चरमपंथियों की कार्रवाई की निंदा की है।
उधर सउदी अरब के किंग अब्दुल्ला ने इसराइली हमले पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की कथित चुप्पी की आलोचना की है। आठ जुलाई को गजा में शुरू हुए इसराइली सैन्य अभियान में अब तक 1400 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस संघर्ष में 63 इसराइली मारे गए हैं।
अमरीका और संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता के बाद शुक्रवार को हमास और इसराइल के बीच 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमति हुई थी।