{"_id":"6ae2c3960c0989ef62008e01","slug":"preparations-for-attack-on-iran-us-secretary-of-defense-hegseth-has-removed-top-pentagon-general-from-his-post-2026-10-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूएस: ईरान पर हमले की तैयारी के बीच हेगसेथ की बड़ी कार्रवाई, पेंटागन के शीर्ष जनरल को पद से हटाया; जानें क्यों","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
यूएस: ईरान पर हमले की तैयारी के बीच हेगसेथ की बड़ी कार्रवाई, पेंटागन के शीर्ष जनरल को पद से हटाया; जानें क्यों
Thu, 29 Oct 2026 09:25 AM IST
प्रशांत तिवारी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Thu, 29 Oct 2026 09:25 AM IST
सार
अमेरिका में ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमलों की चर्चा के बीच रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने पेंटागन के शीर्ष सैन्य योजनाकार लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को उनके पद से हटा दिया है। इस फैसले ने अमेरिकी सेना के शीर्ष नेतृत्व में हो रहे लगातार बदलावों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
विज्ञापन
रक्षा सचिव पीट हेगसेथ
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अमेरिका में ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमलों की चर्चा के बीच रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को उनके पद से हटा दिया है। वह जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में रणनीति, योजना और नीति से जुड़े अहम पद पर तैनात थे। रक्षा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, उन्हें हटाने की वजह नहीं बताई गई है और उनकी जगह किसी नए अधिकारी की नियुक्ति भी नहीं हुई है।
विज्ञापन
32 साल की सेवा के बाद पद से हटाए गए सिल्विया
सिल्विया से पहले इस पद पर रहे लेफ्टिनेंट जनरल जोसेफ मैक्गी को भी पिछले साल अक्टूबर में रिटायर होना पड़ा था। इस घटनाक्रम की खबर सबसे पहले द अटलांटिक ने दी थी। जॉइंट स्टाफ के प्रवक्ता ने सिल्विया और उनके परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने देश की 32 साल तक सेवा की है। हालांकि, उन्हें हटाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं की गई।
विज्ञापन
ईरान पर हमले की चर्चा के बीच फैसला
सिल्विया को ऐसे समय में हटाया गया है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ नए सैन्य अभियान पर विचार कर रहे हैं। इजरायल के साथ युद्ध शुरू होने के बाद ट्रंप कई बार ईरान के खिलाफ अभियान पूरा करने की बात कह चुके हैं। उन्होंने संकेत दिया है कि मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर दोबारा हमले किए जा सकते हैं। हालांकि, इस बारे में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
विज्ञापन
पश्चिम में बढ़ रही सैन्य हलचल
मामले की जानकारी रखने वाले दो राजनयिकों के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने मध्य पूर्व के कई देशों और क्षेत्रीय सहयोगियों को संभावित सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा है। उन्हें ईरान की ओर से जवाबी हमले की आशंका को लेकर भी सतर्क किया गया है। इस बीच, अमेरिका का तीसरा विमानवाहक पोत और हजारों अतिरिक्त सैनिक भी क्षेत्र की ओर बढ़ रहे हैं।
सैन्य रणनीति बनाने में अहम थी सिल्विया की भूमिका
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ में J5 विभाग अमेरिकी सेना की रणनीति और सैन्य योजनाएं तैयार करने में अहम भूमिका निभाता है। यह विभाग सैन्य अभियानों की योजना बनाने और सेना के शीर्ष अधिकारियों के बीच तालमेल स्थापित करने का काम करता है। इससे पहले सिल्विया केंटकी के फोर्ट कैंपबेल में 101वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडर थे। वह J5 के उपनिदेशक के रूप में भी काम कर चुके हैं।
हेगसेथ के कार्यकाल में बड़े बदलाव
रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के कार्यकाल में अब तक करीब दो दर्जन जनरल, एडमिरल और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पद छोड़ चुके हैं या उन्हें हटाया गया है। इनमें सेना और नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। ज्यादातर मामलों में पेंटागन ने सार्वजनिक तौर पर कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। हेगसेथ ने पिछले महीने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के पदों में कटौती तेज करने का आदेश दिया था। योजना के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 तक जनरल और फ्लैग ऑफिसर स्तर के पदों में 20 फीसदी की कमी की जानी है। फिलहाल ऐसे करीब 800 पद हैं। हेगसेथ का कहना है कि इससे सेना में जवाबदेही बढ़ेगी।
ये भी पढ़ें: ईरान पर फिर बरसेगा अमेरिकी बम?: खाड़ी देशों को सता रहा हमले का डर, तेहरान के लिए क्या है ट्रंप की योजना?
कांग्रेस में फैसले को लेकर नाराजगी
अमेरिकी कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को लगातार हटाए जाने की आलोचना की है। उनका कहना है कि इससे सेना के अनुभवी नेतृत्व को नुकसान पहुंच सकता है और इसकी भरपाई में कई साल लग सकते हैं। सीनेटर मार्क केली ने भी चिंता जताते हुए कहा कि सेना अपने बेहतरीन अधिकारियों की एक पूरी पीढ़ी खो सकती है और इस नुकसान से उबरने में लंबा समय लगेगा।