सियासत: पोलैंड राष्ट्रपति चुनाव में कंजर्वेटिव नावरॉकी जीते; हार के बाद पीएम बोले- संसद में होगा शक्ति परीक्षण
पोलैंड में राष्ट्रपति चुनाव में सहयोगी की हार के बाद पोलैंड के पीएम टस्क ने सरकार पर विश्वास मत की मांग की। देखा जाए तो नव निर्वाचित राष्ट्रपति करोल नवरोकी की जीत से टस्क की यूरोप समर्थक नीतियों पर संकट मंडरा रहा है। इसको लेकर टस्क ने एक वीडियो में कहा कि अगर नवरोकी सहयोग की इच्छा दिखाते हैं, तो वे उनके साथ काम करने को तैयार हैं
विस्तार
पोलैंड में हुए राष्ट्रपति चुनाव में अपनी सहयोगी लिबरल उम्मीदवार और वारसॉ के मेयर रफाल ट्र्जासकोव्स्की की हार के बाद पीएम डोनाल्ड टास्क ने सोमवार को विश्वास मत पेश करने की बात पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि वह संसद से अपनी गठबंधन सरकार पर विश्वास मत की मांग करेंगे। यह कदम उन्होंने उस समय उठाया जब उनके सहयोगी उम्मीदवार राष्ट्रपति चुनाव में हार गए। बता दें कि रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव के दूसरे दौर में कंजरवेटिव उम्मीदवार करोल नवरोकी ने 50.89% वोटों के साथ जीत दर्ज की, जबकि लिबरल उम्मीदवार और वारसॉ के मेयर राफाल ट्र्जासकोव्स्की को 49.11% वोट मिले।
पीएम टस्क के लिए मुश्किल करेंगे नवरोकी
अपने सहयोगी की हार के बाद टस्क ने एक वीडियो बयान में कहा कि अगर नवरोकी सहयोग की इच्छा दिखाते हैं, तो वे उनके साथ काम करने को तैयार हैं। हालांकि, राष्ट्रपति के पास कानूनों पर वीटो का अधिकार होता है, जिससे टस्क की यूरोप समर्थक नीतियों को लागू करना मुश्किल हो सकता है। बता दें कि नवरोकी 6 अगस्त को राष्ट्रपति पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल 5 साल का होगा।
ये भी पढ़ें:- Poland Elections: राष्ट्रपति चुनाव में कंजर्वेटिव करोल नावरॉकी की जीत, बोले- हम पोलैंड को बचाएंगे
नवरोकी की जीत के बाद पोलैंड की राह
देखा जाए तो ये नवरोकी के जीतने से पोलैंड अब और अधिक राष्ट्रवादी और परंपरावादी राह पर जा सकता है। कारण साफ है कि वे एक इतिहासकार और शौकिया मुक्केबाज हैं और पूर्व में इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल रिमेंबरेंस के प्रमुख रह चुके हैं। उन्होंने सोवियत सेना के स्मारकों को हटाने का नेतृत्व किया, जिस पर रूस ने उन्हें वांछित घोषित किया। हालांकि उनपर आपराधिक लोगों से जुड़े होने और एक सड़क झगड़े में शामिल होने के आरोप लगे, लेकिन उन्होंने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया। उनके समर्थकों ने उन्हें पारंपरिक और देशभक्त मूल्यों का प्रतीक माना है।
नवरोकी को प्राप्त था ट्रंप का समर्थन
राष्ट्रपति चुनाव में कंजरवेटिव उम्मीदवार करोल नवरोकी में जीत में एक बड़ा फैक्टर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी माना जा रहा है। कारण है कि ट्रंप ने हाल ही में उन्हें व्हाइट हाउस बुलाया था और पोलैंड में उनकी जीत को अहम बताया था।
जेलेंस्की समेत इन नेताओं ने दी बधाई
नवरोकी की जीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की, हंगरी के प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयन ने नवरोकी को बधाई दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि पोलैंड यूरोपीय सुरक्षा का मजबूत स्तंभ है।
ये भी पढ़ें:- US Assault Weapons Ban: क्या प्रतिबंध सांविधानिक? सुप्रीम कोर्ट करेगी फैसला; तीन जजों की पीठ में अलग-अलग राय
टस्क के लिए अपने वादे पूरे करना होगा कठिन
पोलैंड में प्रधानमंत्री के पास रोजमर्रा की सत्ता होती है, लेकिन राष्ट्रपति विदेश नीति और कानूनों पर वीटो के ज़रिए अहम भूमिका निभाता है। प्रधानमंत्री टस्क की गठबंधन सरकार पहले से ही कई वादों को पूरा नहीं कर पाई है, जैसे कि गर्भपात कानूनों में ढील या समलैंगिक जोड़ों के लिए नागरिक भागीदारी कानून लाना। अब नवरोकी के राष्ट्रपति बनने के बाद यह और कठिन हो सकता है।
गौरतलब है कि टस्क की अगुआई वाली गठबंधन सरकार 2023 के अंत में सत्ता में आई थी, लेकिन अब उनके नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। अगर वे विश्वास मत जीतते हैं, तो यह दिखाएगा कि उन्हें अब भी शासन करने का जनमत प्राप्त है।