{"_id":"6487154ebd7ea4824d018625","slug":"pml-n-leader-maryam-nawaz-says-imran-khan-party-can-now-easily-fit-in-rickshaw-following-defections-2023-06-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"इमरान पर मरियम का तंज: एक ही रिक्शे में आ जाएगी पूरी पीटीआई; 26 साल की मेहनत से बनी पार्टी 26 मिनट में बिखर गई","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
इमरान पर मरियम का तंज: एक ही रिक्शे में आ जाएगी पूरी पीटीआई; 26 साल की मेहनत से बनी पार्टी 26 मिनट में बिखर गई
Mon, 12 Jun 2023 06:23 PM IST
शिव शरण शुक्ला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, इस्लामाबाद
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Mon, 12 Jun 2023 06:23 PM IST
सार
पंजाब प्रांत में एक युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए मरियम नवाज ने पूर्व पीएम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 26 साल की कड़ी मेहनत के बाद बनी पीटीआई 26 मिनट में बिखर गई। अराजकता का अध्याय समाप्त हो गया है और अब प्रगति की यात्रा शुरू होगी।
विज्ञापन
इमरान खान, मरियम नवाज
- फोटो : social media
विस्तार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। नौ मई को देश में हुई हिंसा के बाद तहरीक ए इंसाफ पार्टी के नेता एक के बाद एक उनका साथ छोड़ रहे हैं। सत्ता पक्ष भी इसे लेकर लगातार इमरान खान पर निशाना साध रहा है। इसी क्रम में एक बार फिर पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (PML-N) की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मरियम नवाज ने इमरान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब पूरी पार्टी एक ही रिक्शे में आ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इमरान खान आज पार्टी के अध्यक्ष, महासचिव, मुख्य आयोजक और प्रवक्ता हैं। वे ही अपनी पार्टी के एकमात्र उम्मीदवार भी हैं।
विज्ञापन
पंजाब प्रांत में एक युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए मरियम नवाज ने पूर्व पीएम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 26 साल की कड़ी मेहनत के बाद बनी पीटीआई 26 मिनट में बिखर गई। अराजकता का अध्याय समाप्त हो गया है और अब प्रगति की यात्रा शुरू होगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इमरान खान नौ मई को हुई हिंसा के दौरान रक्षा और नागरिक प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों के मास्टरमाइंड है। अब उनकी हालत ऐसी हो गई है कि वह बातचीत और बैठकों के लिए भीख मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के असली दुश्मन की पहचान नौ मई की हिंसा के बाद हुई है।
विज्ञापन
इससे कुछ दिन पहले भी मरियम नवाज ने इमरान खान पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि कई वरिष्ठ नेता लगातार पीटीआई से अपना नाता तोड़ रहे हैं। इससे साफ है कि क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान का खेल खत्म हो गया है।
विज्ञापन
70 से अधिक लोगों ने तोड़ा नाता
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेताओं के पार्टी छोड़ने की शुरूआत तब हुई जब सुरक्षा बलों ने रावलपिंडी में जनरल मुख्यालय और लाहौर कॉर्प्स कमांडर हाउस (जिन्ना हाउस) सहित नागरिक और सैन्य संस्थानों पर हमलों के बाद पार्टी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के डर से शिरीन मजारी, फवाद चौधरी, आमिर महमूद कियानी, अली जैदी और अन्य सहित पीटीआई के 70 से अधिक नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है, जबकि असद उमर और परवेज खट्टक जैसे वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के पदों से इस्तीफा दे दिया है। पीटीआई के कई पूर्व नेता अब चीनी कारोबारी जहांगीर तरीन द्वारा हाल ही में शुरू की गई इस्तेहकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी (आईपीपी) में शामिल हो गए हैं।