Kuwait: कौन हैं शेखा अल सबा, जिनसे मिले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी; कुवैत में योग को दे रहीं बढ़ावा
Kuwait: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत में योग को बढ़ावा देने में जुटी शेखा अल सबा समेत कई जाने-माने इंफ्लूएंसर्स से मिले। योग को लेकर बेहद उत्साहित शेखा अल सबा कुवैत में पहले लाइसेंस प्राप्त योग केंद्र दारातमा की संस्थापक हैं।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुवैत में योग को बढ़ावा देने में जुटी शेखा अल सबा समेत कई जाने-माने इंफ्लूएंसर्स से मिले। योग को लेकर बेहद उत्साहित शेखा अल सबा कुवैत में पहले लाइसेंस प्राप्त योग केंद्र दारातमा की संस्थापक हैं। शेखा ध्यान और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देकर भारत-कुवैत के लोगों के बीच संपर्क और गहरा करने में जुटी है।
विदेश मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक योग और फिटनेस के प्रति शेखा अल सबा का जुनून किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने अपना योग और वेलनेस स्टूडियो स्थापित किया है, जो कुवैत में काफी लोकप्रिय है। प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के दौरान उन्होंने योग को युवाओं के बीच और अधिक लोकप्रिय बनाने पर चर्चा की।
पांडुलियों के संरक्षण में जुटे जलील से खास रही मुलाकात
पीएम कुवैत हेरिटेज सोसाइटी के अध्यक्ष फहद गाजी अल अब्दुल जलील से भी मिले, जो कुवैत और भारत से संबंधित दुर्लभ पांडुलिपियों और कलाकृतियों के संरक्षण के काम में लगे हैं। पीएम ने उनके काम को बेहद सराहनी बताया। संस्कृति और इतिहास के प्रति अपने जुनून के लिए ख्यात जलील का भारत से गहरा नाता रहा है। उनके पूर्वजों का संबंध सूरत, मुंबई और कोझिकोड से था।
निवेश के लिए किया आमंत्रित
पीएम मोदी ने कुवैती निवेश प्राधिकरण और अन्य हितधारकों के साथ प्रतिनिधिमंडल को ऊर्जा, रक्षा, चिकित्सा उपकरण, फार्मा और खाद्य पार्कों के क्षेत्रों में नए अवसरों को देखने के लिए भारत आने के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठकों के दौरान प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि कुवैत की अध्यक्षता में खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के साथ भारत के संबंध और मजबूत होंगे।