पीएम मोदी ने यूएन महासचिव से की मुलाकात, कहा- अनुच्छेद 370 भारत का आंतरिक मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीएम नरेंद्र मोदी ने यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस से रविवार को कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाना भारत का आंतरिक मसला है और कोई ऐसा कदम नहीं उठाया गया है जिससे क्षेत्रीय शांति को खतरा पैदा हो। वह उनसे यहां आयोजित हो रहे जी-7 सम्मेलन से इतर बातचीत कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस के बीच रविवार को परस्पर हित के विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। फ्रांस के दक्षिण-पश्चिम में समुद्र किनारे स्थित शहर बिआरित्ज में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर मोदी ने गुतारेस से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी बहरीन से बिआरित्ज पहुंचे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री मोदी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस के बीच जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा की।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिआरित्ज में जी-7 शिखर सम्मेलन के इतर संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुतारेस से मिले। संयुक्त राष्ट्र में क्लाइमेट एक्शन समिट में भारत की भागीदारी और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
PM @narendramodi met @UN Secretary General Mr. @antonioguterres on the sidelines of the @G7 Summit. The two leaders had fruitful discussions on a wide range of subjects. pic.twitter.com/JuGsftQKRT
— PMO India (@PMOIndia) August 25, 2019
दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों में बांटने के भारत सरकार के फैसले की पृष्ठभूमि में हुई है। दोनों नेता जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे।
इस महीने के आरंभ में गुतारेस ने भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का अनुरोध किया था। मोदी और गुतारेस की इस मुलाकात के एक दिन पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने संयुक्त राष्ट्र प्रमुख से बात करके उन्हें जम्मू कश्मीर की स्थिति से वाकिफ कराया था।
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से स्पष्ट तौर पर कहा है कि अनुच्छेद 370 के अधिकतर खंडों को समाप्त करना उसका आंतरिक मुद्दा है। भारत ने साथ ही पाकिस्तान को हकीकत को स्वीकार करने की सलाह दी थी।