जरदारी बोले- मुशर्रफ साहसी हैं तो कोर्ट का करें सामना, बेटियों ने कहा- डरपोक और भगौड़ा
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने शुक्रवार को पूर्व तानाशाह परवेज मुशर्रफ को उनके उन आरोपों पर आड़े हाथों लिया है, जिसमें मुशर्रफ ने देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी बेनजीर भुट्टो की हत्या के लिए जरदारी को जिम्मेदार ठहराया था।
जरदारी ने कहा कि पूर्व तानाशाह मुशर्रफ में अगर थोड़ा भी साहस है तो वह देश लौटकर अदालत का सामना करें। बृहस्पतिवार को मुशर्रफ ने बेनजीर और मुर्तजा भुट्टो की हत्या के लिए बेनजीर के पति पूर्व राष्ट्रपति जरदारी को जिम्मेदार ठहराया था।
ये भी पढ़ें- बेनजीर की हत्या के लिए उनके पति जरदारी जिम्मेदार : मुशर्रफ
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह-अध्यक्ष 62 वर्षीय जरदारी ने कहा कि मुर्तजा भुट्टो की हत्या के लिए मुशर्रफ द्वारा मुझे और बेनजीर पर आरोप लगाया गया है। इतिहास इस तरह के आरोपों से भरा है। आरोपों की राजनीति दशकों पुरानी देन है। अगर मुशर्रफ में थोड़ा भी साहस है तो वह अदालत के सामने पेश हों।
डरपोक और भगोड़ा है मुशर्रफ : बेनजीर की बेटियां
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर की छोटी बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी और बड़ी बेटी बख्तावर भुट्टो ने पूर्व राष्ट्रपति जनरल मुशर्रफ को हत्यारा और भगोड़ा कहा है। दोनों का कहना है कि भगोड़े मुशर्रफ को सार्वजनिक रूप से गलत बयानबाजी करने के बजाय कानून का सामना करना चाहिए।
मुशर्रफ द्वारा बेनजीर और मुर्तजा की हत्या के लिए जरदारी पर आरोप लगाए जाने के बाद बेनजीर की छोटी बेटी आसिफा भुट्टो ने ट्वीट कर कहा कि मैं मीडिया हाउस से निराश हूं कि वे एक हत्यारे को तवज्जो दे रहे हैं, जो भगोड़ा है। मुशर्रफ को शर्म आनी चाहिए, जो पीड़ित पर आरोप लगा रहा है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तानः बेनजीर भुट्टो की बेटी ने रमजान कानून को झुठलाया, कहा-उपवास नहीं करने पर होती है सजा
पूर्व तानाशाह को कानून का सामना करना चाहिए। बेनजीर की बड़ी बेटी बख्तावर ने भी ट्वीट कर मुशर्रफ की आलोचना की है। बख्तावर ने कहा कि मुशर्रफ को सार्वजनिक रूप से बयानबाजी बंद करनी चाहिए और पाकिस्तान की अदालत में आकर बयान दे।
मुशर्रफ डरपोक है, उसे गिरफ्तार किया जाना चाहिए। वह डरपोक की तरह इधर-उधर भागा-भागा फिर रहा है। मुशर्रफ को गोल्फ कोर्स में व्यस्त होने की बजाय अदालत का सामना करना चाहिए।
बहरहाल, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता खुर्शीद शाह ने कहा कि अगर जरदारी और तहरीक-ए तालिबान के प्रमुख बैतुल्लाह मसूद के बीच नजदीकी रिश्ते थे तो मुशर्रफ ने इसका खुलासा पहले क्यों नहीं किया। पिछले महीने अदालत द्वारा बेनजीर हत्या मामले में पूर्व राष्ट्रपति और सेना प्रमुख जनरल मुशर्रफ को भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद से वह मीडिया में गलत बयानबाजी कर रहे हैं।