करतारपुर कॉरिडोर खोलने को राजी पाकिस्तान, सिद्धू बोले- पंजाबियों के लिए खुशी का दिन
हाल ही में पाकिस्तान गए पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की मेहनत आखिरकार रंग लाई। पाकिस्तान करतारपुर कॉरीडोर खोलने को राजी हो गया है। अब बिना वीजा के भारतीय लोग पाकिस्तान स्थित करतारपुर गुरुद्वारा के दर्शन कर पाएंगे। बता दें कि सिख समुदाय लंबे अरसे से इसे खोलने की मांग कर रहा था और नवजोत सिंह सिद्धू ने भी पाकिस्तान में इसकी मांग की थी।
प्रकाशोत्सव पर खुलेगा करतारपुर साहिब कॉरीडोर
गौरतलब है कि सिद्धू ने गुरू नानक के 550वें प्रकाश वर्ष पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने का दावा करते हुए पीएम इमरान खान और पाकिस्तान की तारीफ की है। करतारपुर में ही गुरुनानक साहब का समाधि स्थल है, जिसे करतारपुर साहिब के नाम से जाना जाता है।
वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि पाकिस्तान करतारपुर कॉरीडोर खोलने को तैयार हो गया है। पंजाब के लोगों के लिए इससे बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती है।
पाकिस्तानी चैनल एआरवाई न्यूज के मुताबिक, सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान जल्द ही सिख तीर्थयात्रियों के लिए करतारपुर कॉरीडोर को खोलेगा। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान सरकार शांति के लिए भारत के साथ बातचीत करने की इच्छा रखती है, लेकिन भारत की ओर से इस्लामाबाद की शांति के लिए कोई भी सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं आई।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का सैन्य नेतृत्व भी भारत के साथ बातचीत करने की सरकार की इच्छा का समर्थन करता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा को ये लगता है कि पाकिस्तान अकेले प्रगति नहीं कर सकता है।