राजनाथ के पाक दौरे की खबर से तिलमिलाया हाफिज सईद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सार्क सम्मेलन में शामिल होने के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पाकिस्तान दौरे की खबर से जमात-उद-दावा का प्रमुख हाफिज सईद तिलमिला गया है। सईद ने सिंह पर ‘मासूम कश्मीरियों की हत्या का जिम्मेदार’ होने का आरोप लगाया है और चेतावनी दी है कि अगर वह सार्क के मंत्री स्तरीय सम्मेलन में हिस्सा लेने इस्लामाबाद आते हैं तो देश भर में विरोध प्रदर्शन होंगे।
सोमवार को जारी एक बयान में सईद ने कहा, ‘मैं पाकिस्तान सरकार से पूछना चाहता हूं कि क्या वह निर्दोष कश्मीरियों की मौत के जिम्मेदार राजनाथ सिंह का स्वागत कर कश्मीरियों के जख्मों पर नमक छिड़केगी? यह विडंबना ही होगी कि एक ओर पूरा पाकिस्तान कश्मीर में भारत के अत्याचारों का विरोध कर रहा है और दूसरी ओर पाकिस्तान के शासक सिंह को माला पहनाएंगे।’
2008 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड सईद ने कहा, ‘अगर राजनाथ सिंह तीन अगस्त को इस्लामाबाद आते हैं तो जमात-उद-दावा देशव्यापी विरोध कर दुनिया को यह बताएगा कि पाकिस्तानी शासक भले ही कश्मीरियों के हत्यारे की अगवानी के लिए मजबूर हैं लेकिन यहां की जनता उत्पीड़न की शिकार कश्मीरियों के साथ खड़ी है।’
सईद के सिर पर अमेरिका ने एक करोड़ डॉलर का ईनाम रखा हुआ है। उसने कहा कि इस्लामाबाद में सिंह की उपस्थिति ‘भारतीय सुरक्षा बलों के हाथों’ दर्जनों कश्मीरियों की मौत के मद्देनजर कश्मीरियों के साथ-साथ पाकिस्तानियों में भी ‘अशांति’ पैदा कर सकती है।
सईद ने कहा कि सिंह के श्रीनगर दौरे के दौरान कश्मीर की अवाम ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था। पीएमएल-एन सरकार को भी ‘भाजपा नेता की अगवानी करने से यह कह कर इनकार कर देना चाहिए कि इससे कश्मीरियों और पाकिस्तानियों की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है और उनकी भावनाएं भड़क सकती हैं।’
इन पाकिस्तानी शहरों में रैली की योजना
सईद ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के अलावा इस्लामाबाद, लाहौर, कराची, पेशावर, क्वेटा, मुल्तान, फैसलाबाद, मुजफ्फराबाद और पाकिस्तान के अन्य शहरों में तीन अगस्त को रैलियां की जाएंगी।
नई दिल्ली से राजदूत को फौरन वापस बुलाया जाए : हिजबुल कमांडर
हिजबुल मुजाहिदीन के सुप्रीम कमांडर सैयद सलाउद्दीन ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से कहा कि हिज्बुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद घाटी में 49 लोगों के मारे जाने से चल रहे तनाव को देखते हुए वह नई दिल्ली से अपने राजदूत को तत्काल वापस बुलाएं और भारत के साथ ‘व्यापारिक और राजनयिक रिश्तों को निलंबित’ करें। उसने कहा कि पाकिस्तान की सरकार को सार्क सम्मेलन के लिए सिंह को आमंत्रित नहीं करना चाहिए।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेंगे राजनाथ
हाफिज सईद की धमकियों को तवज्जो न देते केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि राजनाथ सिंह इस हफ्ते पाकिस्तान जाएंगे। वहां सिंह सार्क देशों के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में शिरकत करेंगे। गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, ‘सार्क सम्मेलन एक बहुपक्षीय बैठक है। कुछ प्रतिबद्धताएं हैं। सिंह वहां कोई संदेश देने या पाकिस्तान के गृह मंत्री से मिलने नहीं जा रहे हैं।’