हाफिज सईद की प्रधानमंत्री मोदी को चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान में जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद ने लाहौर के मीनार-ए-पाकिस्तान पर एक बडी रैली के दौरान भारत को जिहाद की चेतावनी दी है।
हाफिज सईद ने कहा, "नरेंद्र मोदी को स्पष्ट होना चाहिए और कश्मीर मुद्दा सुलझाना चाहिए और अगर तुम इसे सुलझाने के लिए तैयार नहीं हो तो इंशाअल्लाह हम कश्मीर के लिए भारत के खिलाफ जिहाद करेंगे।"
हाफिज सईद ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भी नसीहत दी। हाफिज ने कहा, "नवाज शरीफ मैं तुम्हें अल्लाह का फैसला सुनाता हूं। अगर मोदी कश्मीर मुद्दे पर वार्ता के लिए राजी न हों और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों को न मानें, तो तुम आजादी के लिए लडने वालों की मदद करो। यह कश्मीर मुद्दे को सुलझाने का सरल और सीधा रास्ता है।"
लाहौर में जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद की रैली को भारत ने चरमपंथ की सार्वजनिक स्वीकारोक्ति कहा है।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि रैली "पाकिस्तान में एक राष्ट्रीय स्मारक पर हुई जहां बडी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। अखबारों में इसके विज्ञापन छपे। यह अमेरिका द्वारा बहिष्कृत एक संगठन का आयोजन था।"
हाफिज सईद की ताकत
अमेरिका ने इसी साल जमात-उद-दावा को प्रतिबंधित संगठनों की सूची में शामिल किया था। अकबरुद्दीन ने कहा, "रैली को उस व्यक्ति ने संबोधित किया जिसे संयुक्त राष्ट्र ने आतंकवादी घोषित कर रखा है।"
भारत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रैली को पाकिस्तान का समर्थन आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का खुला उल्लंघन है।
रैली के लिए ट्रेनें उपलब्ध कराए जाने की खबरों पर टिप्पणी करते हुए अकबरउद्दीन ने कहा कि सरकार ने रैली के लिए रेल सेवा भी उपलब्ध करवाई।
मीनार-ए-पाकिस्तान पर हुई दो दिन की रैली में हजारों लोग शामिल हुए। रैली में भाषण देने वाले हाफिज सईद भारत के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल हैं। भारत उन्हें 26/11 के मुंबई हमले का मास्टरमाइंड बताता रहा है।
सईद पर अमेरिका ने भी 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित कर रखा है। लेकिन पाकिस्तान हाफिज सईद पर लगे आरोपों को नकारता रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि उन पर कोई मामला दर्ज नहीं है और वह पाकिस्तान में घूमने के लिए आजाद हैं।