हाफिज सईद ने नरेंद्र मोदी को दी नसीहत
सईद ने ट्वीट करके कहा, "मैं चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी ये सुने कि पाकिस्तान में हिंदू, उनका जीवन और उनका सम्मान पूरी तरह सुरक्षित है और उनकी हालत वैसी नहीं है, जैसा आपने मुसलमानों के साथ किया है।"
सईद ने ट्विटर के जरिए ये बात रखी है।
मोदी से मांगी सफाई
हाफिज सईद ने ये ट्वीट एक ऐसे वक्त में किया है जब भारत में भारतीय जनता पार्टी के नेता गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को एक जनसभा में कहा था कि जो लोग मोदी के विरोधी हैं उन्हें पाकिस्तान भेज दिया जाएगा। उनके इस बयान को लेकर ख़ासा विवाद हो रहा है।
इसबीच आरएसएस के एक अन्य संगठन विश्व हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया के विवादास्पद बयान के बाद मीडिया में कट्टरपंथी हिंदू ताकतों की आलोचना की जा रही है।
भारत में इस समय आम चुनाव चल रहे हैं और इन चुनावों के परिणाम 16 मई को आएंगे। चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में भाजपा को काफी आगे बताया जा रहा है।
भाजपा ने नरेंद्र मोदी को अपने प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है, जिनकी छवि एक कट्टर हिंदूवादी नेता की है। वो अपने बयानों में अक्सर पाकिस्तान पर निशाना साधते रहे हैं।