पाकिस्तान का एक रेस्टोरेंट, जहां भारतीयों को मिलता है मुफ्त खाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान में एक रेस्त्रां चेन ने भारतीय मेहमानों को फ्री खाना खिलाने की पेशकश की है। 'द डंकिन डोनट्स' के इस्लामाबाद, लाहौर और पेशावर में 26 रेस्त्रां में शॉर्ट टर्म वीजा पर भारत से आए मेहमानों को फ्री खाना परोसा जा रहा है। इस रेस्त्रां चेन के मालिक इकबाल लतीफ ने लंदन से बीबीसी को बताया, "मुंबई के भिंडी बाजार में पाकिस्तानी परिवार को होटल न देने की रिपोर्टों के बाद हमने सभी हिंदुस्तानी मेहमानों का स्वागत करने का फैसला किया। हम मोहब्बत से शिवसेना को जबाव दे रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारे इस्लामाबाद के रेस्त्रां में अब तक 17 भारतीय मेहमान आए हैं जबकि पेशावर के रेस्त्रां में दो भारतीय मेहमान पहुँचे हैं।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी लोगों ने भी उनकी इस मुहिम का स्वागत किया है। इकबाल कहते हैं कि अगर भारत महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी की शांति की नीति अपनाए तो दोनों देशों के बीच हालात सुधर सकते हैं।
इकबाल लतीफ के मुताबिक शुक्रवार को ये मुहिम शुरू करने के बाद से उनके रेस्त्रां में आने वाले ग्राहकों की तादाद तीस प्रतिशत तक बढ़ गई है। वे कहते हैं, "हमने अपने रेस्त्रांओं में भारत और पाकिस्तान के झंडे के साथ पोस्टर लगाए हैं। आम लोग उन्हें देखकर हाई-फाइव कर रहे हैं।" क्या इस मुहिम के लिए उन्हें कोई धमकी भी मिली है? इस पर इकबाल लतीफ कहते हैं, "अब तक हमें सिर्फ एक धमकी भरा फोन आया है।
डनकिन डोनट रेस्त्रां
उन्होंने हमारे रेस्त्रां पर प्रदर्शन की चेतावनी दी लेकिन मोहब्बत से समझाने पर वे मान गए।" उन्होंने कहा, "हम हिंदुस्तान से मोहब्बत करते हैं और हिंदुस्तान का झंडा अगर हमारे रेस्त्रां पर लगा है तो कोई आकर तोड़फोड़ नहीं कर रहा है।"
इकबाल लतीफ के रेस्त्रां में इस ऑफर के बाद ग्राहकों की तादाद बढ़ी है। इकबाल कहते हैं, "भारत और पाकिस्तान के लोगों के बीच संपर्क बढ़ना जरूरी है। दोनों देशों के लोगों को सिर्फ कुछ सियासी लोगों के हाथ की कठपुतली नहीं बनना चाहिए। हमें गांधी के मोहब्बत के संदेश को आगे बढ़ाना चाहिए।" इकबाल कहते हैं कि मौजूदा दौर में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शांति की नीति को अपनाने की जरूरत है।
भारत में शिवसेना पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करती रही है। इकबाल कहते हैं, "हिंदुस्तानियों को हमारे फ्री खाने की भूख थोड़े ही है। वो पूरे सम्मान से पाकिस्तान आते हैं। हम तो बस उन्हें ये बताना चाहते हैं कि हम उनसे मोहब्बत करते हैं।" क्या पाकिस्तान और भारत में शांति मुमकिन है। इस पर इकबाल कहते हैं, "अगर हम ये सोचने लगें कि हम अपने बच्चों को कैसा माहौल दे रहे हैं तो जरूर मुमकिन हैं।"