पाकिस्तानः धमाके में मरने वालों की संख्या 57 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के सरकारी अधिकारियों के अनुसार एक शिया मस्जिद में हुए धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई है। धमाके में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि घायलों में कई की हालात बहुत नाजुक है। हमले की जिम्मेदारी तालिबान से जुड़े एक संगठन जुनदुल्लाह ने ली है।
पुलिस के अनुसार धमाका सिंध प्रांत के जिला शिकारपुर में स्थित शिया इमामबाड़ा में जुमे की नमाज के बाद हुआ।
बीबीसी उर्दू संवाददाता रियाज सुहैल का कहना है कि जिस समय विस्फोट हुआ उस समय शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित इमामबाड़ा की दो मंजिला इमारत में बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे।
यहां पहले भी हो चुका है हमला
स्थानीय मीडिया के अनुसार धमाका एक आत्मघाती हमलावर ने किया था। पुलिस अभी धमाके के कारणों की जांच कर रही है।
सिंध प्रांत के अधिकारियों ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि इमामबाड़ा पर हमले को लेकर कोई पूर्व सूचना नहीं थी और वहां सामान्य सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई थी।
सरकारी टीवी के अनुसार विस्फोट के बाद राहत कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंच गए जबकि अस्पतालों में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है।
पीटीवी के अनुसार प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने घटना की जांच रिपोर्ट मांगते हुए कहा है कि वह आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
शिकारपुर में पहले भी चरमपंथी हमले होते रहे हैं और मई 2013 में यहां एक शिया नेता के चुनावी काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था।