अल कायदा ने जवाहिरी की बेटियों को पाकिस्तान से कराया रिहा
पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी के अगवा बेटे को मुक्त कराने के बदले में सरकार ने अल कायदा प्रमुख अल जवाहिरी की दो बेटियों और एक अन्य महिला को रिहा कर दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
इस खबर से फिर यह साबित हुआ है कि आतंकी संगठन अल कायदा की पाकिस्तान में गहरी पैठ है। अल कायदा से जुड़ी मैगजीन अल-मसरा के अगस्त अंक में छपी खबर के हवाले से दि लांग वार जर्नल ने जवाहिरी की दो बेटियों की रिहाई का दावा किया है।
हालांकि इस खबर की कहीं और से पुष्टि नहीं हुई है क्योंकि कयानी के बेटे के अपहरण का समाचार नहीं था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संभव है जिहादी संगठन अल कायदा सिर्फ शेखी बघार रहा हो। लेकिन अगर अल कायदा ने कयानी के अगवा बेटे के बदले पाकिस्तान सरकार को बेटियों की रिहाई के लिए मजबूर कर दिया है तो साफ संकेत है कि जवाहिरी के आतंकियों की पाकिस्तान में गहराई तक पैठ है।
जवाहिरी की बेटियां मिस्र लौट गई
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कायदा व तालिबान समेत आतंकी संगठनों को प्रायोजित करने वाली पाक सेना और इंटेलीजेंस एजेंसी के ताकतवर लोगों में कयानी भी एक रहे हैं।
खबर में कहा गया है कि पाक सेना ने पहले जवाहिरी की बेटियों और अन्य महिला की रिहाई से इनकार कर दिया था लेकिन लंबी समझौता बातचीत के बाद वह राजी हो गई।
बताया जाता है कि जवाहिरी की बेटियां और महिला अपने बच्चों के साथ मिस्र लौट गई हैं।