Pakistan: तहरीक-ए-इंसाफ को चुनाव आयोग का नोटिस, पार्टी के भीतर चुनावों को चुनौती देने वाली याचिका पर सख्ती
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ को हालिया संगठनात्मक चुनावों को चुनौती देने वाली याचिका पर पाकिस्तान चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया।
विस्तार
पार्टी ने कहा कि बैरिस्टर गौहर खान को पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुना गया है। इमरान खान ने अपने वकीलों से परामर्श के बाद उन्हें चुना था। वहीं संस्थापक सदस्यों में से एक सदस्य बाबर ने इसके खिलाफ याचिका दायर की। जिसमें नए संगठनात्मक चुनावों की याचिका के साथ उन पर धांधली और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया। याचिका में सदस्यों ने कहा कि चुनाव से पहले कोई कार्यक्रम नहीं दिया गया और मतदाता सूची भी जारी नहीं की गई। याचिका में कहा गया, पीटीआई केंद्रीय सचिवालय में चुनाव से संबंधित कोई गतिविधि नहीं थी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सिकंदर सुल्तान राजा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय ईसीपी पैनल ने याचिका पर सुनवाई की। बाबर के वकील ने आयोग से पीटीआई के चुनावों को अमान्य घोषित करने और नए सिरे से चुनाव कराने का आदेश देने का आग्रह किया था। हालांकि, खैबर पख्तूनख्वा के एक ईसीपी सदस्य ने जोर देकर कहा कि चुनाव कई बार नहीं कराए जा सकते, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वे केवल एक बार ही होने के लिए बाध्य हैं।
सुनवाई के बाद ईसीपी ने पीटीआई को नोटिस जारी कर याचिकाओं में उठाई गई आपत्तियों पर उसका जवाब मांगा। बाबर के वकील की दलीलों के बाद ईसीपी पैनल ने सुनवाई 12 दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
अफगान शरणार्थियों के साथ व्यवहार इस्लाम के खिलाफ-इमरान
इमरान खान ने कहा कि अफगान नागरिकों के साथ गरिमा और सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए क्योंकि दोनों देशों के बीच भाईचारे और आपसी सम्मान पर आधारित सदियों पुराना रिश्ता है। अपने संदेश में इमरान खान ने कहा कि देश अपने पड़ोसियों को नहीं बदल सकत हैं। समय-समय पर एक-दूसरे के समर्थन की जरूरत होती है। इमरान खान ने बताया कि पाकिस्तान ने 40 वर्षों तक अफगान शरणार्थियों की सेवा की और खराब रणनीति अपनाकर दशकों पुराने गर्मजोशी भरे आतिथ्य के सकारात्मक प्रभाव को खत्म किया जा रहा है।
साथ ही कह कि इमरान खान ने कहा कि 15 लाख शरणार्थी 25 करोड़ लोगों के देश पर असहनीय बोझ नहीं हैं। शरण मांगने के लिए पाकिस्तान आए शरणार्थियों का एक बड़ा हिस्सा समाज के सबसे गरीब तबके से था। उन्होंने चेतावनी दी कि इससे देश में नकारात्मक भावनाएं पैदा होंगी।
बता दें पाकिस्तान ने आतंकवाद बढ़ने का हवाला देते हुए पिछले महीने की शुरुआत से अवैध अफगान नागरिकों को निर्वासित करना शुरू कर दिया है। सरकार ने लगभग 1.7 मिलियन अफगान नागरिकों को अवैध के रूप में सूचीबद्ध किया है।
पाकिस्तान ने 104 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किया
सिंध में शदानी दरबार की यात्रा की सुविधा के लिए भारत के सिख तीर्थयात्रियों को 104 वीजा जारी किए हैं। पाकिस्तान उच्चायोग ने शुक्रवार यह जानकारी दी। नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग ने बताया कि 12-23 दिसंबर तक सिंध के शदानी दरबार हयात पिताफी में शिव अवतारी सतगुरु संत शदाराम साहिब की 315 वीं जयंती समारोह में भाग लेने के लिए पाकिस्तान की यात्रा के लिए भारतीय हिंदू तीर्थयात्रियों को 104 वीजा जारी किए हैं।
गौरतलब है कि धार्मिक स्थलों की यात्रा पर द्विपक्षीय प्रोटोकॉल के प्रावधान के तहत, भारत से सिख और हिंदू तीर्थयात्री हर साल पाकिस्तान जाते हैं। पाकिस्तानी तीर्थयात्री भी प्रोटोकॉल के तहत हर साल भारत आते हैं।