Pakistan: भयानक आर्थिक संकट के बीच रूस जाएंगे बिलावल भुट्टो; चार महीने बाद देश लौटीं नवाज शरीफ की बेटी
विदेश मंत्रालय ने कहा कि बिलावल भुट्टो अपने रूसी समकक्ष के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे, जहां दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर विचार विमर्श करेंगे, पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
विस्तार
पाकिस्तान इस समय भीषण आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। देश में खाद्य सामग्री की कीमतें आसमान छू रही हैं। लोगों को दो जून की रोटी जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इस बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि विदेश मंत्री बिलावल द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर बातचीत करने के लिए रविवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रूस जाएंगे।
मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि बिलावल अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के निमंत्रण पर मास्को की यात्रा करेंगे। वह अपने रूसी समकक्ष के साथ आधिकारिक वार्ता करेंगे, जहां दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर विचार-विमर्श करेंगे और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
रूस के ऊर्जा मंत्री निकोले शुल्गिनोव के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय रूसी प्रतिनिधिमंडल ने नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान का पिछले हफ्ते दौरा किया था, ताकि तेल उपलब्ध कराने की संभावनाओं का पता लगाया जा सके।
बातचीत के बाद जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया था, दोनों पक्ष पाकिस्तान को रूसी कच्चे तेल और तेल उत्पादों की आपूर्ति पर सैद्धांतिक रूप से एक समझौते पर पहुंचे, जिसमें तकनीकी विवरण इस साल मार्च में अंतिम रूप दिया जाना है।
बयान में कहा गया, दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि हासिल की गई तकनीकी विशिष्टताओं पर आम सहमति के बाद तेल एवं गैस व्यापार लेनदेन को इस तरह से संरचित किया जाएगा कि इससे दोनों देशों को परस्पर आर्थिक लाभ होगा। यह प्रक्रिया मार्च के भीतर पूरी की जानी है। माना जा रहा है कि बिलावल की यात्रा से पाकिस्तान को रूसी तेल की आपूर्ति में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
चार महीने बाद लंदन से इस्लामाबाद लौटीं मरियम नवाज
पीएमएल-एन की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज शनिवार को पाकिस्तान लौट आईं। विमान में चिकित्सीय आपात स्थिति के कारण उड़ान में एक घंटे की देरी हुई। जिसके बाद वह अबू धाबी से यहां अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरीं। स्वदेश लौटने के बाद मरियम ने ट्वीट किया- पाकिस्तान जिंदाबाद।
भ्रष्टाचार के एक मामले में बरी होने के बाद वह पिछले साल अक्तूबर में लंदन चली गई थीं। उस समय उन्होंने कहा था कि वह अपने पिता को देखने के लिए उत्सुक हैं, जिनसे वह 2019 के बाद से नहीं मिली हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएन-एल) की 49 वर्षीय नेता ने पाकिस्तान लौटने पर एक टीवी न्यूज चैनल से कहा कि वह अपनी सारी उर्जा पार्टी को मजबूत करने में लगाएंगी। इससे पहले पार्टी मरियम औरंगजेब ने कहा कि मरियम नवाज पार्टी का पुनर्गठन करने के लिए लौट रही हैं।
इस महीने की शुरुआत में पीएमएल-एन के मुख्य आयोजक के रूप में नियुक्ति के बाद मरियम की देश की राजनीतिक घटनाओं में अधिक महत्वपूर्ण भूमिका होने की संभावना है। नवाज शरीफ ने मरियम को गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह के साथ पंजाब में आगामी चुनावों से पहले रैलियों का नेतृत्व करने और बैठकें करने के लिए अधिकृत किया है।
पंजाब से पीएमएल-एन के एक नेता ने एक प्रमुख समाचार पत्र को बताया कि पार्टी में उनकी पदोन्नति नवाज की ओर से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाले खेमे के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि वह उनकी जगह लेंगी, न कि प्रधानमंत्री। उन्होंने कहा, 'मरियम पार्टी का नेतृत्व करेंगी क्योंकि पीएमएल-एन (नवाज) की सर्वोच्च नेता की यही इच्छा है। उन्हें पहले से ही अपनी इच्छा के अनुसार पार्टी के मामलों को चलाने का अधिकार दिया गया है।
उन्होंने कहा, पार्टी मामलों में शहबाज शरीफ और उनके बेटे हमजा शहबाज का प्रभाव आने वाले दिनों में कम होगा। वह पार्टी की 'बॉस' होंगी। पिछले साल उपचुनावों में प्रतिद्वंद्वी इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के हाथों अपमानजनक हार का सामना करने के बाद मरियम पंजाब में पार्टी के मामलों को संभालने की भी इच्छुक हैं।