{"_id":"6087b83b8ebc3ebcc37e171d","slug":"millions-of-jobs-lost-in-usa-in-corona-era-scammers-cheating-people-seeking-employment","type":"story","status":"publish","title_hn":"अमेरिका: कोरोना काल में गईं लाखों नौकरियां, रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को ठग रहे स्कैमर्स","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
अमेरिका: कोरोना काल में गईं लाखों नौकरियां, रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को ठग रहे स्कैमर्स
Tue, 27 Apr 2021 12:37 PM IST
प्रियंका तिवारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
Published by: प्रियंका तिवारी
Updated Tue, 27 Apr 2021 12:37 PM IST
सार
ऑनलाइन नौकरी का विज्ञापन देखकर अप्लाई करने वाले लाखों लोग स्कैमर्स के हाथों ठगी का शिकार हो चुके हैं। पिछले साल अमेरिका में लगभग 2.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा था, जिसमें बड़ी संख्या महिलाओं की थी। अभी भी लगभग एक करोड़ लोग नौकरी की तलाश कर रहे हैं।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अमेरिका में कोरोना महामारी की वजह से नौकरी गंवा चुके लाखों लोग रोजगार की तलाश में हैं। सरकार के हालिया प्रोत्साहन पैकेज की वजह से देश में नौकरियां तो बढ़ रही हैं, लेकिन इसके साथ धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऑनलाइन नौकरी का विज्ञापन देखकर अप्लाई करने वाले लाखों लोग स्कैमर्स के हाथों ठगी का शिकार हो चुके हैं। पिछले साल अमेरिका में लगभग 2.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा था, जिसमें बड़ी संख्या महिलाओं की थी। अभी भी लगभग एक करोड़ लोग नौकरी की तलाश कर रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में बेरोजगारों को ठगने के लिए ठग सक्रिय हो गए हैं।
विज्ञापन
कैसे करते हैं ठगी
बेरोजगारों को ठगने वाले फर्जी कंपनियों के माध्यम से लोकप्रिय जॉब बोर्ड में नौकरी का विज्ञापन देते हैं जो देखने में बिलकुल असली कंपनियों की तरह लगते हैं। लोग इनमें आवेदन करते हैं और फिर ये स्कैमर इन बेरोजगारों से प्रोसेसिंग के नाम पर पैसा वसूलते हैं या फिर इनकी निजी जानकारी निकलवाकर उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। ये धोखेबाज इस निजी जानकारी का इस्तेमाल करके नकली पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या क्रेडिट कार्ड भी बनवा लेते हैं।
विज्ञापन
एफबीआई ने जारी की चेतावनी
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) ने नौकरी की तलाश करने वाले बेरोजगारों को चेतावनी जारी की है। एफबीआई का कहना है कि साइबर अपराधी खुद को वास्तविक नियोक्ता की तरह ही प्रदर्शित करते हैं और आवेदक का इंटरव्यू करते हैं। इस बीच वे आवेदकों से उनकी व्यक्तिगत और बैंक खातों की जानकारी भी पूछ लेते हैं जिसका बाद में गलत कामों में उपयोग किया जाता है। साल 2020 में इंटरनेट क्राइम से जुड़ी लगभग आठ लाख शिकायतें दर्ज की गई थीं। 2019 में यह आंकड़ा तीन लाख का था। पिछले साल 16 हजार से अधिक लोगों को एम्प्लॉयमेंट स्कैम के जरिये लगभग 450 करोड़ रुपये का चूना लग चुका है।
विज्ञापन
कोरोना काल में नए तरीके से हो रही धोखाधड़ी
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि महामारी के दौर में ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए तरीके ईजाद हुए हैं। एम्प्लॉयमेंट स्कैम के अलावा कोरोना वायरस से डरे लोगों को फर्जी उत्पाद और सेवाओं का प्रलोभन देकर ठगा जा रहा है। ठगी के अन्य उपायों में लोगों की निजी जानकारी पता करके उन्हें ब्लैकमेल करना शामिल है। एफबीआई ठगी का शिकार हुए लोगों को प्रोत्साहित कर रही है कि वे मामले की रिपोर्ट करने से झिझकें नहीं ताकि अन्य लोग ऐसे ठगों के झांसे में आने से बच सकें।