फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   microsoft-voluntary-exit-offer-60000-employees-ai-infrastructure-spending-investment-2026

60 हजार कर्मचारियों की छंटनी क्यों?: माइक्रोसॉफ्ट के इस एक फैसले से आई ये नौबत, भविष्य की तैयारी का दिया हवाला

Tue, 27 Oct 2026 10:08 AM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Tue, 27 Oct 2026 10:08 AM IST
सार

माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में करीब 60 हजार पात्र कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। कंपनी का यह कदम एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर पर बढ़ते निवेश के बीच खर्च को संतुलित करने की कोशिश का हिस्सा है।

विज्ञापन
microsoft-voluntary-exit-offer-60000-employees-ai-infrastructure-spending-investment-2026
माइक्रोसॉफ्ट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

माइक्रोसॉफ्ट ने सोमवार को अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन में अपने कर्मचारियों के एक बड़े हिस्से के लिए स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने की योजना शुरू की। कंपनी ने यह कदम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े बुनियादी ढांचे पर बढ़ते खर्च और वित्तीय दक्षता के बीच संतुलन बनाने के लिए उठाया है।
विज्ञापन


कंपनी की इस नई योजना का नाम वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर है। इसके तहत 70 या उससे कम स्तर के पात्र कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने का विकल्प दिया गया है। अमेरिकी समाचार चैनल सीएनबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि मामले से परिचित एक व्यक्ति के मुताबिक, करीब 60 हजार कर्मचारी इस योजना के दायरे में आते हैं। यह माइक्रोसॉफ्ट के कुल 2.23 लाख कर्मचारियों का लगभग 22 प्रतिशत है।
विज्ञापन


फैसले के पीछे की वजह है एआई और डेटा सेंटर पर बढ़ा खर्च 
माइक्रोसॉफ्ट एआई की बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए डेटा सेंटर पर निवेश बढ़ा रही है। कंपनी एंथ्रोपिक, ओपनएआई और कई अन्य कंपनियों को क्लाउड सेवाएं भी उपलब्ध कराती है। माइक्रोसॉफ्ट ने जुलाई में कहा था कि सितंबर तिमाही में उसका पूंजीगत खर्च 50 अरब डॉलर से अधिक रहने की उम्मीद है। पिछले साल इसी तिमाही में पूंजीगत खर्च और वित्तीय लीज का कुल आंकड़ा 34.9 अरब डॉलर था।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस बढ़ते खर्च का असर कंपनी की वित्तीय स्थिति पर भी पड़ रहा है। अप्रैल में माइक्रोसॉफ्ट ने पहली बार अमेरिका में कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके दायरे में करीब सात प्रतिशत अमेरिकी कर्मचारी आ सकते थे। इसके बाद जुलाई में कंपनी ने 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की योजना घोषित की।

कर्मचारियों को करियर का अगला विकल्प चुनने का मौका
माइक्रोसॉफ्ट की कार्यकारी उपाध्यक्ष और मुख्य मानव संसाधन अधिकारी एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में कहा कि वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर कंपनी में बदलाव की प्रक्रिया को अधिक लचीला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा, “वॉलेंटरी एग्जिट ऑफर इस बात का महत्वपूर्ण हिस्सा है कि हम बदलाव के प्रति अपना दृष्टिकोण कैसे विकसित कर रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक लचीलापन पैदा करना और जहां संभव हो, कर्मचारियों को अपने करियर के अगले चरण के बारे में फैसला लेने के अधिक विकल्प देना है। यह इस साल की शुरुआत में वॉलेंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम से मिली सीख पर आधारित है।”

एआई के दौर में बदल रहा कारोबारी मॉडल
माइक्रोसॉफ्ट अपने कारोबारी मॉडल में भी बदलाव कर रही है। कंपनी ग्राहकों से एआई सेवाओं के वास्तविक इस्तेमाल के आधार पर शुल्क लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उसने प्रोग्रामर, बिक्री कर्मचारियों और सप्लाई चेन से जुड़े कर्मचारियों को एआई टूल उपलब्ध कराए हैं और इनके इस्तेमाल से सकारात्मक नतीजे देखे हैं। कंपनी का उद्देश्य एआई से जुड़े नए विकास के अवसरों का लाभ उठाने के लिए जरूरी प्रतिभाओं को बनाए रखना और अपने खर्च पर नियंत्रण रखना है।

जून तिमाही में माइक्रोसॉफ्ट ने 19.64 अरब डॉलर का सकारात्मक मुक्त नकदी प्रवाह दर्ज किया था, हालांकि यह एक साल पहले की तुलना में 23 प्रतिशत कम था। इसी अवधि में उसके क्लाउड प्रतिस्पर्धियों अल्फाबेट और अमेजन ने नकारात्मक मुक्त नकदी प्रवाह दर्ज किया था।

दिसंबर में तय होगी कर्मचारियों की भागीदारी
मामले से परिचित व्यक्ति के मुताबिक, मार्केटिंग, बिक्री और इंजीनियरिंग की कुछ टीमों ने इस नई योजना में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। पात्र कर्मचारियों को दिसंबर की शुरुआत में यह तय करना होगा कि वे ऑफर स्वीकार करना चाहते हैं या नहीं। योजना में शामिल होने वाले कर्मचारियों की नौकरी 31 दिसंबर को समाप्त होगी।


जुलाई में माइक्रोसॉफ्ट ने बताया था कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति कार्यक्रम के लिए पात्र 30 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों ने इसे अपनाया था। हालांकि, वह योजना 67 या उससे कम स्तर के वरिष्ठ निदेशकों तक सीमित थी, जबकि नई योजना का दायरा उपाध्यक्ष स्तर तक है। सूत्र के अनुसार, इस बार माइक्रोसॉफ्ट ने यह लक्ष्य तय नहीं किया है कि कितने कर्मचारी इस ऑफर को स्वीकार करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed