जी-20 शिखर सम्मेलन: रोम में बाइडन से निजी मुलाकात का अवसर गंवा देंगे शी जिनपिंग!
विश्लेषकों के मुताबिक बाइडन और शी व्यक्तिगत रूप से एक दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। बाइडन जब उप राष्ट्रपति थे, तब उनकी शी के साथ लंबी मुलाकात हुई थी। लेकिन राष्ट्रपति के रूप में उनकी शी से अब तक भेंट नहीं हुई है। शी ने 2019 में कोरोना महामारी आने के बाद से कोई विदेश यात्रा नहीं की है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आमने-सामने मुलाकात की संभावना और दूर हो गई है। पहले चर्चा थी की जी-20 देशों के रोम में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता मिलेंगे। लेकिन अब खबर है कि शी उस बैठक में शायद वीडियो लिंक के जरिए शामिल होंगे। ये शिखर सम्मेलन अगले 30 और 31 अक्टूबर होगा।
हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक अगर शी वर्चुअल तरीके से जी-20 बैठक में शामिल हुए, तो उसका मतलब होगा कि दोनों राष्ट्रपतियों की मुलाकात और टल जाएगी। बीते 20 जनवरी को बाइडन ने राष्ट्रपति का पद संभाला था। तब से अब तक उनकी शी के साथ कोई मुलाकात नहीं हुई है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक शी ने कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी चिंताओं के कारण रोम न जाने का मन बनाया है। लेकिन इसे दोनों देशों के बीच जारी तनाव को दूर करने की दिशा में अब तक कोई प्रगति ना होने का भी संकेत माना जा रहा है।
बीते जुलाई में अमेरिका की उप विदेश मंत्री वेंडी शरमन ने चीन की यात्रा की थी। उस दौरान दोनों देशों के बीच दो टूक बातचीत हुई। उसके बाद से दोनों देशों के अधिकारियों की कोई मुलाकात तय नहीं हुई है। पर्यवेक्षकों ने कहा है कि राष्ट्रपति के बीच मुलाकात के पहले अधिकारी स्तर पर वार्ताओं का सिलसिला चलता है। उसके कोई संकेत इस वक्त नहीं हैं। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक अगर शी रोम नहीं गए, तो 1997 के बाद किसी नए अमेरिकी राष्ट्रपति की चीनी राष्ट्रपति से मुलाकात में सबसे देरी का रिकॉर्ड बनेगा।
पर्यवेक्षकों ने ध्यान दिलाया है कि रोम के बाद निकट भविष्य में ऐसा कोई दूसरा अवसर नहीं है, जहां बाइडन और शी मिल पाएंगे। ऐसे में मुमकिन है कि ऐसी मुलाकात में 1993 के बाद की सबसे ज्यादा देर हो जाए। 1993 में नए राष्ट्रपति बने बिल क्लिंटन ने पद संभालने के दस महीनों के बाद जाकर चीन के राष्ट्रपति जियांग जेमिन से मुलाकात की थी। उस समय बीजिंग के तियानामेन चौराहे पर हुई प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई के कारण दोनों देश के संबंध तनावपूर्ण चल रहे थे।
विश्लेषकों के मुताबिक बाइडन और शी व्यक्तिगत रूप से एक दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। बाइडन जब उप राष्ट्रपति थे, तब उनकी शी के साथ लंबी मुलाकात हुई थी। लेकिन राष्ट्रपति के रूप में उनकी शी से अब तक भेंट नहीं हुई है। शी ने 2019 में कोरोना महामारी आने के बाद से कोई विदेश यात्रा नहीं की है। न ही उन्होंने बीजिंग में किसी विदेशी नेता की अगवानी की है। उनकी आखिरी ऐसी मुलाकात 2020 के मार्च में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से हुई थी।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक उससे एक चीनी सूत्र ने कहा- ‘नेताओं की आमने-सामने मुलाकात बहुत जरूरी है। चीन रोम में ऐसा अवसर गंवा देगा, जिससे वह दुनिया में और अलग-थलग पड़ सकता है।’ लेकिन एक दूसरे सूत्र ने अखबार से कहा कि निजी मुलाकात की संभावना तो नहीं है, लेकिन अमेरिका के साथ संपर्क की कोशिश की जा रही है।