Indonesia Election: रक्षा मंत्री प्रबोवो सुबियांतो होंगे इंडोनेशिया के नए राष्ट्रपति, चुनाव में जीत का दावा
रुझानों के बाद सुबियांतो ने अपनी जीत का एलान करते हुए कहा कि वे देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। हालांकि, सुबियांतो को देश में लोकतंत्रविरोधी नेता के तौर पर जाना जाता है।
विस्तार
इंडोनेशिया में हुए राष्ट्रपति चुनावों की मतगणना बुधवार को शुरू हुई। नतीजों के शुरुआती रुझानों में तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव लड़ रहे इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री प्रबोवो सुबियांतो ने 58 फीसदी मतों के साथ प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली है। रुझानों के बाद सुबियांतो ने अपनी जीत का एलान करते हुए कहा कि वे देश को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। हालांकि, सुबियांतो को देश में लोकतंत्र विरोधी नेता के तौर पर जाना जाता है। इंडोनेशिया के करीब 20 करोड़ लोगों ने अपना राष्ट्रपति चुनने के लिए बुधवार को मतदान किया था। कुल पंजीकृत मतदाताओं में से 80 फीसदी ने मतदान किया है।
इंडोनेशियाई लोगों का जताया आभार
चुनाव आयोग के मुताबिक, प्रारंभिक मतगणना बहुत धीमी थी। प्रबोवो को 57.7 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं। जीत की घोषणा के बाद प्रबोवो ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह परिणामों के लिए आभारी हैं। टीवी पर उन्होंने कहा कि हमें अहंकारी नहीं होना चाहिए। हमें गर्व नहीं करना चाहिए। हमें उत्साहित नहीं होना है। हमें विनम्र रहना है। यह जीत इंडोनेशियाई लोगों की जीत होनी चाहिए। जोकोवी के समर्थन के कारण प्रबोवो मतदान में सबसे आगे चल रहे थे।