जर्मनी: अब उम्रदराज वोटरों पर ही टिकी है अंगेला मैर्केल की पार्टी की उम्मीदें
डीडब्ल्यू के विश्लेषण के मुताबिक मतदाताओं की संख्या घटने की वजह से देश में जन्म से ज्यादा हो रही मौतें हैं। इसके मुताबिक आव्रजन के कारण जर्मनी की आबादी स्थिर दिखती है। लेकिन आव्रजकों में ऐसे लोगों की संख्या काफी है, जिन्हें वोट डालने का अधिकार हासिल नहीं है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मीडिया विश्लेषणों के मुताबिक जर्मनी के चुनाव में चांसलर पद के तीन प्रमुख उम्मीदवारों के बीच रविवार को हुई तीसरी बहस में सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (एसपीडी) के नेता ओलफ शोल्ज विजयी रहे। इससे पहले से ही मजबूत बढ़ा चुके शोल्ज की स्थिति और मजबूत होने की संभावना है। क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पार्टी (सीडीयू) के नेता अमरिन लैशेट और ग्रीन पार्टी की नेता अनालीना बेयरबॉक ने शोल्ज पर कड़े हमले किए। लेकिन अपने संयत जवाब से शोल्ज उनके हमलों को नाकाम करने में सफल रहे।
जर्मनी में संसदीय चुनाव के लिए मतदान 26 सितंबर को होगा। संसदीय चुनाव में सबसे आगे रहने वाली पार्टी का नेता ही आम तौर पर चांसलर बनता है। 16 साल बाद ये ऐसा पहला मौका है, जब इस पद के लिए सीडीयू नेता अंगेला मैर्केल उम्मीदवार नहीं हैं। इसका खामियाजा उनकी पार्टी को भुगतना पड़ रहा है।
इस बीच इस चुनाव के सिलसिले मे चल रही चर्चाओं में जर्मनी में पैदा हो रही कई गंभीर सामाजिक समस्याओं की तरफ ध्यान खींचा गया है। जर्मनी के सरकारी मीडिया डॉयचे वेले (डीडब्ल्यू) की एक खबर के मुताबिक इस बार जर्मनी में पिछले चुनाव की तुलना में 13 लाख कम मतदाता हैं। मतदाताओं के बीच ज्यादातर 50 से अधिक उम्र के हैं। जर्मनी में इस बार छह करोड़ 40 लोग मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
डीडब्ल्यू के विश्लेषण के मुताबिक मतदाताओं की संख्या घटने की वजह से देश में जन्म से ज्यादा हो रही मौतें हैं। इसके मुताबिक आव्रजन के कारण जर्मनी की आबादी स्थिर दिखती है। लेकिन आव्रजकों में ऐसे लोगों की संख्या काफी है, जिन्हें वोट डालने का अधिकार हासिल नहीं है। इस वजह से मतदाताओं की संख्या घटती जा रही है। साथ ही, मतदाताओं की औसत उम्र भी लगातार बढ़ रही है।
इस विश्लेषण के मुताबिक 1987 में तत्कालीन पश्चिमी जर्मनी में 23 फीसदी मतदाता 30 साल से कम उम्र के और 26 फीसदी 60 साल से अधिक उम्र के थे। 2021 के चुनाव में 30 साल से कम उम्र के मतदाताओं की संख्या 15 फीसदी और 60 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 38 फीसदी हो गई है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के मुताबिक जर्मनी के उम्रदराज वोटरों में अपनी पसंद की पार्टी के प्रति वफादारी का भाव ज्यादा रहता है। जबकि युवा मतदाताओं की पसंद बदलती रहती है। उम्रदराज मतदाता वोट डालने भी अधिक संख्या में आते हैं। 2017 के चुनाव में 70 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं में से 81 फीसदी ने वोट डाले थे। जबकि 21 से 24 वर्ष उम्र के मतदाताओं में यह प्रतिशत सिर्फ 67 रहा था।
पर्यवेक्षकों के मुताबिक उम्रदराज मतदाता आम तौर पर सीडीयू या एसपीडी को वोट डालते हैं। लेकिन पिछले 30 साल में उनका ज्यादा झुकाव सीडीयू की तरफ रहा है। सीडीयू की उम्मीदें अब इसी पहलू पर टिकी हैं। जानकारों का कहना है कि जनमत सर्वेक्षणों में अकसर युवा मतदाताओं की भी राय ली जाती है। लेकिन चुनाव नतीजों में उनकी राय नहीं झलकती। ऐसा इस बार भी हो सकता है। ये संभव है कि उम्रदराज मतदाता बड़ी संख्या में मतदान कर अरमिन लैशेट को विजयी बना दें। फिलहाल, जनमत सर्वेक्षणों के मुताबिक वे शोल्ज से पांच फीसदी से भी ज्यादा अंतर से पिछड़े हुए हैं।