Cyberattack: यूरोप के कई हवाई अड्डों पर साइबर हमले का असर दूसरे दिन भी जारी, प्रभवित रहीं विमानन सेवाएं
यूरोपीय हवाईअड्डों पर साइबर हमले का असर रविवार को भी जारी रहा, जिससे कई उड़ानें रद्द और विलंबित हो गईं। ब्रसेल्स हवाईअड्डे ने सोमवार के लिए 50 प्रतिशत उड़ानों को रद्द करने का आदेश दिया। लंदन और बर्लिन हवाईअड्डों पर भी चेक-इन प्रणालियों में बाधाएं आईं, जिससे कर्मचारियों को बैकअप उपायों का सहारा लेना पड़ा।
विस्तार
यूरोप के प्रमुख हवाईअड्डों पर साइबर हमले के कारण चेक-इन प्रणालियों में गड़बड़ी का असर रविवार को भी जारी रहा। कई उड़ानें रद्द या विलंबित हो गईं और यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा। ब्रसेल्स हवाईअड्डे ने सोमवार के लिए 50 प्रतिशत उड़ानों को रद्द करने का आदेश दिया है, जबकि लंदन और बर्लिन हवाईअड्डों पर भी इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में व्यवधान बना हुआ है।
ब्रसेल्स, लंदन व बर्लिन के प्रमुख हवाईअड्डों पर शुक्रवार देर रात से इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम में व्यवधान शुरू हो गया था, जिससे चेक-इन में बाधा आई और कर्मचारियों को हाथ से बोर्डिंग पास बनाने या बैकअप लैपटॉप का इस्तेमाल करने जैसे विकल्प आजमाने पड़े। कई अन्य यूरोपीय हवाईअड्डे इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
ये भी पढ़ें:- Cyberattack: यूरोप के कई हवाई अड्डों पर बड़ा साइबर हमला, चेक-इन सिस्टम ठप; उड़ानों में देरी से यात्री परेशान
साइबर हमले की जांच जारी
अभी यह स्पष्ट नहीं है कि साइबर हमले में किसका हाथ है, हालांकि विशेषज्ञों ने हैकर्स और आपराधिक संगठनों पर संदेह जताया है। साइबर हमले ने कॉलिन्स एयरोस्पेस के सॉफ्टवेयर को प्रभावित किया, जिससे चेक-इन, बोर्डिंग पास, बैग टैग प्रिंटिंग और सामान भेजने में मदद मिलती है।
इस दौरान अमेरिकी कंपनी ने शनिवार को यूरोप के कुछ हवाईअड्डों पर उसके सॉफ्टवेयर में साइबर संबंधी व्यवधान की बात कही। रविवार को लंदन के हीथ्रो और बर्लिन के ब्रांडेनबर्ग हवाईअड्डों के प्रस्थान बोर्ड पर आगमन और प्रस्थान के सुचारू होने के संकेत दिखाई दे रहे थे, लेकिन ब्रसेल्स हवाईअड्डे पर अब भी काफी समस्याएं थीं।
ये भी पढ़ें:- अंडमान लोन घोटाला: CID ने 50,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की, कांग्रेस नेता कुलदीप राय शर्मा समेत 100 आरोपी