फ्रांस के पर्यटन पर नया वार है नीस ट्रक हमला
फ्रांस के शहर नीस में हुए आतंकी हमला देश के पर्यटन क्षेत्र पर नया वार है। देश का पर्यटन क्षेत्र पहले ही बार-बार हो रहे आतंकी हमलों से जूझ रहा है। शुक्रवार को फ्रांस भर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम रद कर दिए गए।
एमकेजी होटल के प्रमुख और पर्यटन सलाहकार जॉर्ज पानायोटिस ने बार बार हो रहे हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए इससे पर्यटन उद्योग के प्रभावित होने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे हमले और घायलों की बड़ी संख्या निश्चित समय के लिए पर्यटकों के रवैये के खिलाफ है। सरकार ने इस सप्ताह ही विदेश मंत्री की अध्यक्षता वाली समिति के साथ बैठक की थी और पर्यटन क्षेत्र को उबरने में मदद के तरीकों पर विचार विमर्श किया था।
फ्रांस आने वाले पर्यटकों की संख्या में 5.8 फीसदी कमी
देश में जनवरी से नियमित उड़ानों से आने वाले पर्यटकों की संख्या में 5.8 फीसदी की कमी आई है। फ्रांस में यह कमी 11 फीसदी है। फ्रांस की अर्थव्यवस्था में पर्यटन क्षेत्र का योगदान सात फीसदी है और यह क्षेत्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 20 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है।
फ्रांस में पिछले साल 8.45करोड़ पर्यटक पहुंचे थे। पिछले 18 महीने से कम समय यह फ्रांस पर तीसरा बड़ा आतंकी हमला है।
यह हमला आठ महीने पहले पेरिस के बार, रेस्टोरेंट और नेशनल स्टेडियम में हुए हमले के बाद हुआ है। उस हमले में 130 लोग मारे गए थे। पिछले साल जनवरी में आईएस आतंकियों ने शार्ली एब्दो मैगजीन के कार्यालय समेत अन्य हमलों में 17 लोगों को मार दिया था।