बेल्जियम: 16 लोग गिरफ्तार, तनाव बरकरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में पुलिस के खोज अभियान में 16 लोगों की गिरफ्तारी के बाद भी वहां तनाव बरकरार है। पेरिस हमलों के 10 दिन के बाद नागरिकों से भीड़ वाले इलाक़ों में न जाने के लिए कहा गया है और संभावित हमलों की चेतावनी दी गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार को 22 जगहों पर छापे मारे गए, लेकिन किसी तरह के हथियार या विस्फोटक नहीं मिले हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में पेरिस हमले के एक संदिग्ध हमलावर सालाह अब्देसलाम शामिल नहीं है। गौरतलब है कि सालाह के भाई मोहम्मद अब्देसलाम ने रविवार को बेल्जियन टीवी पर उससे अपील की है कि वो खुद को सुरक्षा सेवाओं के हवाले कर दे।
मोहम्मद का दूसरा भाई ब्राहिम अब्देसलाम भी पेरिस हमलों में शामिल था और उसने खुद को आत्मघाती बेल्ट में विस्फोट कर उड़ा लिया था। पेरिस हमलों में 130 लोग मारे गए थे।इस बीच, बेल्जियम के प्रधानमंत्री का कहना है कि ब्रसेल्स में हाई अलर्ट सोमवार को भी जारी रहेगा और स्कूल कॉलेज सोमवार को भी बंद रहेंगे।
छावनी में तब्दील ब्रसेल्स की सड़कें
रविवार देर शाम राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में हाई अलर्ट जारी रखने का फैसला किया गया। प्रधानमंत्री चार्ल्स मिशेल ने कहा कि ब्रसेल्स में सोमवार को भी स्कूल,विश्वविद्यालय और मेट्रो सेवा बंद रहेंगी।यह फैसला सरकार की ओर से सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद किया गया है।
साप्ताहिक अवकाश के दौरान ब्रसेल्स शहर पूरी तरह से बंद रहा और पुलिस पेरिस हमले में शामिल कथित हमलावर की खोज में जुटी रही।
गृहमंत्री जान जामबोन के मुताबिक मौजूदा खतरे को देखते हुए और सालाह अब्देसलाम को पकड़ने के लिए ब्रसेल्स की सड़कों पर सैनिकों की भारी तैनाती की गई है।