इस्राइल: भगदड़ में 40 लोगों की मौत, सैकड़ों घायल, धार्मिक बोनफायर के दौरान हुआ हादसा
यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ लोग सीढ़ियों पर फिसल गए। इसके बाद एक-एक कर लोग एक दूसरे पर गिरते चले गए, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
विस्तार
उत्तरी इस्राइल में लाग बी’ओमर बोनफायर फेस्टिवल के दौरान शुक्रवार तड़के मची भगदड़ में बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना में 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जबकि 40 लोगों की मौत हो गई। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस घटना को बड़ी आपदा करार दिया। उन्होंने कहा कि हम लोगों की बेहतरी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। बता दें, लाग बी’ओमर बोनफायर फेस्टिवल को यहूदियों का सबसे बड़ा धार्मिक पर्व माना जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार माउंट मेरन में स्टेडियम की सीटें टूट कर गिर पड़ीं। इसके बाद लोगों में भगदड़ मच गई। एक समाचार चैनल के अनुसार घायलों में 44 लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए छह हेलीकॉप्टर बुलाना पड़ा।
Dozens of people have been killed in a stampede at a religious bonfire festival in Israel, medics said: Reuters
विज्ञापन
— ANI (@ANI) April 30, 2021
भगदड़ की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचा राहत-बचाव दल
कोरोना महामारी की शुरुआत होने के बाद माउंट मेरोन पर हुआ यह आयोजन अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम था। वायरस के खतरे के बावजूद इस त्योहार में शामिल होने के लिए दस हजार से अधिक लोग देशभर से माउंट मेरोन पहुंचे। भगदड़ मचने की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर दर्जनों एंबुलेंस और इमरजेंसी सर्विस के वाहन पहुंच गए। बचाव दल ने जमीन पर पड़ी लाशों को उठाया और वाहनों में भरकर अस्पताल रवाना किया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद सभी लोगों से कहा कि वह इस जगह को खाली कर दें।
सीढ़ियों पर फिसल कर गिरने लगे लोग
जहां यह हादसा हुआ वहां मौजूद गुंबद को यहूदी दुनिया के सबसे पवित्र स्थलों में से एक माना जाता है और यह एक वार्षिक तीर्थ स्थल है। हजारों अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यहूदी वार्षिक स्मरणोत्सव के लिए दूसरी शताब्दी के संत रब्बी शिमोन बार योचाई की कब्र पर एकत्रित हुए थे। यहां रात भर प्रार्थना और डांस हो रहा था। पुलिस का कहना है कि यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ लोग सीढ़ियों पर फिसल गए। इसके बाद एक-एक कर लोग एक दूसरे पर गिरते चले गए, जिसके बाद भगदड़ मच गई। देश की नेशनल इमरजेंसी सर्विस मैगन डेविड एडोम एमडीए के प्रवक्ता ने कहा कि दृश्य बड़ा भयानक है। लोग बाहर निकले की कोशिश में कुचले गए। हादसे के बाद राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।