फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   Donald Trump Mar-a-Lago Resort Palm Beach County Centre of Universe President Elect Politics in estate Explain

मार-ए-लागो: ट्रंप के लिए ये रिजॉर्ट कितना अहम, मस्क क्यों यहां किराया देकर जमे, अब तक कौन सी हस्तियां पहुंचीं?

Fri, 03 Jan 2025 08:10 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Fri, 03 Jan 2025 08:10 AM IST
विज्ञापन
सार
मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग हों, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो हों या एक्स के मालिक एलन मस्क, ट्रंप के चुनाव जीतने से पहले और बाद में हर दिन कोई न कोई बड़ा और प्रभावशाली चेहरा ट्रंप के इस रिजॉर्ट में ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर के लिए पहुंचा है। हाल ही में मार-ए-लागो में एक आलीशान पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसमें ट्रंप ने इसे ब्रह्मांड का केंद्र तक करार दे दिया। 
loader
Donald Trump Mar-a-Lago Resort Palm Beach County Centre of Universe President Elect Politics in estate Explain
डोनाल्ड ट्रंप का मार-ए-लागो एस्टेट। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को पद की शपथ ले लेंगे। इस कार्यक्रम के बाद ट्रंप अगले चार वर्षों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास व्हाइट हाउस में रहने के लिए पहुंच जाएंगे। यानी इस दिन के बाद से दुनिया को प्रभावित करने वाले कई बड़े फैसले व्हाइट हाउस के राष्ट्रपति कार्यालय से होंगे। हालांकि, चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही ट्रंप का एक और आवास या यूं कहें कि आलीशान महल काफी चर्चा में रहा है। यह महल है- फ्लोरिडा के पाम बीच पर स्थित मार-ए-लागो रिजॉर्ट। 


मेटा के सीईओ मार्क जकरबर्ग हों, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो हों या एक्स के मालिक एलन मस्क, ट्रंप के चुनाव जीतने से पहले और बाद में हर दिन कोई न कोई बड़ा और प्रभावशाली चेहरा ट्रंप के इस रिजॉर्ट में ब्रेकफास्ट, लंच या डिनर के लिए पहुंचा है। हाल ही में मार-ए-लागो में एक आलीशान पार्टी का भी आयोजन किया गया, जिसमें ट्रंप ने इसे ब्रह्मांड का केंद्र तक करार दे दिया। इस पार्टी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं, जिनमें लोगों को सीक्रेट सर्विस की सख्त सुरक्षा के बीच नाचते-गाते देखा जा सकता है। इसी पार्टी में ट्रंप ने दावा किा था कि माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स यहां पहुंचे हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी। 


ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर मार-ए-लागो रिजॉर्ट है क्या? इसकी खासियत क्या है? राजनीतिक और कूटनीतिक तौर पर ट्रंप का यह निजी रिजॉर्ट कितना अहम है? एलन मस्क यहां हर रात का 2000 डॉलर यानी करीब 1 लाख 70 हजार रुपये के बराबर का किराया देकर क्यों ठहर रहे हैं? आइये जानते हैं...

क्या है मार-ए-लागो रिजॉर्ट?

1. इतिहास
मौजूदा समय में मार-ए-लागो की पहचान मुख्य तौर पर डोनाल्ड ट्रंप की वजह से ही है। हालांकि, फ्लोरिडा के पाम बीच पर स्थित यह रिजॉर्ट एक राष्ट्रीय ऐतिहासिक स्थल भी है। 1927 में खुले इस एस्टेट का निर्माण 1922-23 के बीच  ही शुरू हो गया था। अमेरिका में उस समय की दिग्गज व्यापारी मार्जोरी मेरीवेदर पोस्ट और उनके दूसरे पति फाइनेंशियर ई.एफ. हटन ने कई वर्षों की खोज के बाद लेक वर्थ और अटलांटिक महासागर के बीच एक ऐसी जगह खोजी, जो उन्हें अपने घर के लिए सबसे उपयुक्त लगी। इसी के साथ उनके रिजॉर्ट का नाम स्पैनिश में रखा गया- मार-ए-लागो, जिसका अर्थ है- समुद्र से नहर के बीच। 

मार-ए-लागो
मार-ए-लागो - फोटो : Mar-E-Lago
2. मजबूती
इतिहासकारों के मुताबिक, मार-ए-लागो पर पहली बड़ी आपदा की मार इसके खुलने के साल भर बाद ही पड़ी, जब ओकीचोबी चक्रवाती तूफान ने 233 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से फ्लोरिडा में तबाही मचाई। इस तूफान में 2500 लोग ओकीचोबी नहर में ही डूब गए। इनमें अधिकतर किसान और उनके परिवार थे। इसके अलावा मार-ए-लागो के पास छोटी-बड़ी 1700 से ज्यादा इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि, खुद मार-ए-लागो की सिर्फ रोमन शैली में बनीं खिड़कियों को ही नुकसान हुआ था।

लगातार चक्रवाती तूफान झेलने वाले क्षेत्र में बने मार-ए-लागो ने कई आपदाएं झेली हैं। हालांकि, 90 से ज्यादा वर्षों में बड़े से बड़े चार चक्रवात भी इस मैंशन का कुछ नहीं बिगाड़ पाए। महल की एक-एक दीवार तीन फीट तक मोटी है और इस महल को साधे रखता है इसके आधार पर लगा स्टील और कॉन्क्रीट बीम्स, जिन्हें कोरल की चट्टान से जोड़ा गया है। मार-ए-लागो के अनाधिकारक इतिहासकार एंथनी सेनेकल के मुताबिक, चक्रवात की स्थिति में यह दुनिया का सबसे सुरक्षित घर है। उन्होंने बताया कि कैसे हर आपदा के बावजूद इस मैंशन को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।

3. खासियत और लागत
62 हजार 500 स्क्वायर फीट में फैले 126 कमरे वाले इस महल के निर्माण में जोड़े को 50 लाख डॉलर लगान पड़े थे, जो कि आज के समय में 7 करोड़ डॉलर के बराबर है। जिस पाम बीच एस्टेट में मार-ए-लागो बना है, उसका कुल क्षेत्र तीन एकड़ के करीब है। मजेदार बात यह है कि मार-ए-लागो में स्थित क्लब के 500 से ज्यादा सदस्य भी हैं, जो हर साल यहां आने/रहने के लिए 14 हजार डॉलर तक भुगतान करते हैं। 2019 के बाद से ही ट्रंप ने इस एस्टेट को अपना प्राथमिक आवास बना लिया है। 

ट्रंप ने इस प्रॉपर्टी को 1985 में खरीदा था। तब इसे मरम्मत की काफी जरूरत थी। डोनाल्ड ट्रंप ने इसे खरीदने के लिए तब करीब 1 करोड़ डॉलर तक खर्च किए थे। 1995 में उन्होंने इसके पुनर्निर्माण में भी करोड़ों डॉलर लगा दिए और इसे क्लब के स्वरूप में बनवाया। इस प्रॉपर्टी में अब 58 बेडरूम, 33 बाथरूम और 20 हजार वर्ग फीट का एक बॉलरूम भी है। इसके अलावा मार-ए-लागो में एक टेनिस और क्रोके कोर्ट और तीन बमरोधक शेल्टर भी हैं। इतना ही नहीं यहां गेस्ट रूम्स, स्पा और होटल जैसी ढेरों सुविधाएं हैं। 2022 में फोर्ब्स ने मार-ए-लागो एस्टेट की अनुमानित कीमत 35 करोड़ डॉलर के करीब आंकी थी। 
 

मार-ए-लागो
मार-ए-लागो - फोटो : Mar-E-Lago
ट्रंप के लिए क्या है मार-ए-लागो की अहमियत?
डोनाल्ड  ट्रंप के लिए मार-ए-लागो कितना अहम है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका में पड़ने वाली कड़ाके की सर्दियों में यही उनके लिए अनाधिकारक व्हाइट हाउस होता है। ट्रंप परिवार के लिए मार-ए-लागो में एक पूरा अलग रिजर्व क्षेत्र हैं, जो कि बाकी लोगों के लिए बंद है। पहली बार राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप ने यहां कई छुट्टियां मनाईं। इस दौरान ट्रंप ने कई अहम फैसले इसी रिजॉर्ट से किए। बताया जाता है कि अप्रैल 2017 में सीरिया में एक एयरफील्ड पर एयरस्ट्राइक का फैसला मार-ए-लागो में बड़े अफसरों की मौजूदगी में ही लिया गया था। 
 

शिंजो आबे और उनकी पत्नी के साथ मार-ए-लागो में डोनाल्ड और मेलानिया ट्रंप।
शिंजो आबे और उनकी पत्नी के साथ मार-ए-लागो में डोनाल्ड और मेलानिया ट्रंप। - फोटो : X
मार-ए-लागो में बड़ी हस्तियों का आना-जाना रहा
  • राष्ट्रपति के तौर पर अपने पहले कार्यकाल के दौरान फरवरी 2017 में डोनाल्ड ट्रंप ने जापान के राष्ट्रपति शिंजो आबे और उनकी पत्नी का मार-ए-लागो में ही स्वागत किया था। 
  • इसके अलावा अप्रैल 2017 में ही ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तक को मुलाकात के लिए मार-ए-लागो बुलाया था। 
  • 2020 में ब्राजील के राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की मेहमाननवाजी भी ट्रंप ने अपने इसी रिजॉर्ट में की थी। दोनों राष्ट्रपतियों के बीच तब वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने, पश्चिम एशिया के हालात और अमेरिका-ब्राजील के बीच व्यापार समझौते को लेकर चर्चा होने की खबरें थीं। 
  • इतना ही नहीं, ट्रंप के रिजॉर्ट में स्थित क्लब में सेलीन डियॉन और बिली जोएल जैसे सेलिब्रिटी कलाकार भी परफॉर्म कर चुके हैं। इसके अलावा दर्जनों ब्यूटी पेजेंट्स से जुड़े कंटेस्टेंट्स यहां मेहमान के तौर पर आ चुके हैं। यहां तक कि अमेरिका के पॉप आइकन रहे माइकल जैक्सन और लीजा मैरी प्रेस्ले (एल्विस प्रेस्ले की बेटी) ने अपने हनीमून के लिए मार-ए-लागो को ही चुना था।     
  • 2005 में ट्रंप ने इसी मैंशन में मेलानिया से विवाह किया था। इस कार्यक्रम में तब बिल और हिलेरी क्लिंटन भी शामिल हुए थे। इसके अलावा मीडिया, हॉलीवुड की कई हस्तियां भी इस मौके पर ट्रंप के साथ थीं। 

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी के साथ डोनाल्ड और मेलानिया ट्रंप।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी के साथ डोनाल्ड और मेलानिया ट्रंप। - फोटो : X
एलन मस्क के लिए क्यों अहम हो गया मार-ए-लागो?
हाल ही में कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एलन मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास में एक कॉटेज में रहना शुरू किया है। इसके लिए वह हर रात का किराया- दो हजार डॉलर यानी करीब 1.71 लाख रुपये चुका रहे हैं। बताया जाता है कि मस्क जिस कॉटेज में रह रहे हैं, उसका नाम बनयान (हिंदी में बरगद) है। मार-ए-लागो में ट्रंप जिस जगह पर रह रहे हैं, बनयान कॉटेज उस जगह से महज 300 फीट की दूरी पर है। इस करीबी के चलते ही एलन मस्क को डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं होती और वह अमेरिका के अगले राष्ट्रपति की कई उच्चस्तरीय बैठकों और अनौपचारिक समारोह का हिस्सा बनते हैं। 

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने बनयान कॉटेज में रहते हुए ही ट्रंप के साथ उनकी निजी बैठकें और वैश्विक नेताओं के साथ फोन कॉल पर भी बात की है। इतना ही नहीं ट्रंप के मंत्रिमंडल के लिए उम्मीदवारों के चुनाव में भी मस्क अहम तौर पर शामिल रहे हैं। इसका प्रमाण इसी बात से मिलता है कि ट्रूथ सोशल पर ट्रंप ने एक बार पोस्ट कर मस्क से पूछा था- 'तुम कहां हो? तुम ब्रह्मांड के केंद्र (मार-ए-लागो) कब आ रहे हो? बिल गेट्स ने आज आने की बात कही है। हम तुम्हें और एक्स को मिस कर रहे हैं। नए साल की पूर्व संध्या जबरदस्त होगी!!!'

मार-ए-लागो।
मार-ए-लागो। - फोटो : अमर उजाला
मार-ए-लागो में प्रभावी लोगों की मौजूदगी कैसे बनी चिंता की बात
एलन मस्क की तरह ही एक के बाद एक कई प्रभावी लोगों की मौजूदगी ने मार-ए-लागो को लेकर अमेरिकी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर ट्रंप की तरफ से अपने मंत्री परिषद में की गई नियुक्तियों के मद्देनजर विपक्षी दलों और ट्रंप के आलोचकों ने चिंता जताई है कि उन्हें प्रभावित करने वाले कई चेहरे इस दौरान मार-ए-लागो में जुट गए। इसके अलावा ट्रंप के इस आवास पर होने वाली बैठकों की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठाए जाते रहे हैं।

माना जाता है कि एलन मस्क की तरफ ही मार-ए-लागो क्लब के सदस्य भी अलग-अलग मौकों पर ट्रंप के करीब रहते हैं और उनके राष्ट्रपति बनने के बा वे मार-ए-लागो में ट्रंप को प्रभावित कर सकते हैं। इस तरह से वे रिपब्लिकन सरकार में आने वाले समय में प्रभाव बना सकते हैं।

डोनाल्ड ट्रंप, एलन मस्क, विवेक रामास्वामी
डोनाल्ड ट्रंप, एलन मस्क, विवेक रामास्वामी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
चुनाव जीतने के बाद कई बड़ी हस्तियों की हुई मेजबानी
डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद से ही मार-ए-लागो में कई विदेशी नेताओं की भी मेजबानी की गई। इनमें इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की पत्नी सारा नेतन्याहू शामिल रहीं हैं। इसके अलावा जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे की पत्नी आकिय आबे और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति हावियर मिलेई भी ट्रंप के गाला डिनर के दौरान जश्न मनाते नजर आए हैं। 

इतना ही नहीं ट्रंप ने इसी मार-ए-लागो में एलन मस्क के अलावा मेटा के मालिक मार्क जकरबर्ग और सिलिकॉन वैली के कई प्रमुखों का स्वागत किया है। इनमें एपल के सीईओ टिम कुक, गूगल के सह-संस्थापक सर्गेई ब्रिन, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस तक शामिल हैं। 

सुंदर पिचई, डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क।
सुंदर पिचई, डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क। - फोटो : ANI/PTI
विवादों से क्यों घिरी रही है ट्रंप की यह निजी संपत्ति?
  • ट्रंप का आवास मार-ए-लागो उन्हीं की तरह विवादों से भी घिरा रहा है। 2006 में उन्हें 80 फीट लंबे फ्लैगपोल पर 20*30 फीट का अमेरिकी झंडा लगाने के लिए शहर के अधिकारियों का सामना करना पड़ा। दरअसल, ट्रंप ने झंडे के अधिकतम मानक को तोड़ दिया था। इसके लिए उन पर हर दिन का 1250 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया। हालांकि, बाद में कोर्ट में मध्यस्थता के जरिए ट्रंप को झंडो को 10 फीट ऊंचाई तक लगाने की अनुमति दे दी गई थी। 
  • इतना ही नहीं ट्रंप ने कई मौकों पर पाम बीच काउंटी प्रशासन पर भी केस दायर किए हैं। इसकी वजह हैं पाम बीच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने-जाने वाली फ्लाइट्स। ट्रंप ने कोर्ट में दायर मामलों में आरोप लगाया कि इन उड़ानों की वजह से मार-ए-लागो कथित तौर पर प्रभावित होता है। ट्रंप ने ऐसा पहला केस 1995 में दायर किया था और 1996 में इस मामले का निपटारा कर लिया गया। ट्रंप ने इस सेटलमेंट के तहत काउंटी की 215 एकड़ जमीन लीज पर ले ली और यहां अपना अंतरराष्ट्रीय गोल्फ क्लब स्थापित किया। जुलाई 2010 में ट्रंप ने अपनी प्रॉपर्टी के करीब ही एयरपोर्ट पर बन रहे एक दूसरे रनवे के निर्माण पर आपत्ति जताई और केस दायर किया। हालांकि, उनका केस खारिज कर दिया गया। इतना ही नहीं ट्रंप ने विमानों की वजह से मच रहे शोर और प्रदूषण को लेकर भी जनवरी 2015 में एक केस दायर किया। 

  • इन मामलों के अलावा ट्रंप पर इस एस्टेट को अपने घर के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप भी लगा। दरअसलस 1993 के एक समझौते के मुताबिक, ट्रंप एक साल में इस एस्टेट में लगातार तीन हफ्ते से ज्यादा नहीं ठहर सकते थे। इसी शर्त पर उन्हें इस निजी एकल परिवार के घर को निजी क्लब बनाने की अनुमति मिली थी। हालांकि, 2019 में ही ट्रंप ने मार-ए-लागो को अपना प्राथमिक निवास घोषित कर दिया। दिसंबर 2020 में मार-ए-लागो के आसपास रहने वाले लोगों ने पाम बीच प्रशासन को एक डिमांड लेटर भेजकर मांग की कि ट्रंप को यह जानकारी दे दी जाए कि वह इस प्रॉपर्टी को अपने घर की तरह इस्तेमाल नहीं कर सकते। हालांकि, ट्रंप ने खुद को मार-ए-लागो का कर्मचारी बताया और निजी क्लब में कर्मियों के रहने की शर्तों का हवाला देकर यहां रहने लगे।
  • इसके अलावा ट्रंप पर मार-ए-लागो की कीमतें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने के भी आरोप लगे हैं। न्यूयॉर्क की एक कोर्ट ने पाया था कि 2011 से 2021 के बीच पाम बीच काउंटी ने मार-ए-लागो की कीमत 1.8 करोड़ डॉलर से 2.76 करोड़ डॉलर के बीच आंकी थी। लेकिन इसी दौरान ट्रंप ने अपने वित्तीय ब्योरों में इस मैंशन की कीमत 42.7 करोड़ से 62.7 करोड़ डॉलर के बीच बताई थी। आरोप था कि ट्रंप ने ऐसा बेहतर शर्तों पर कर्ज हासिल करने के लिए किया था। हालांकि, कई रियल एस्टेट ब्रोकर्स ने तब ट्रंप के मैंशन की कीमत 30 करोड़ से 100 करोड़ के बीच आंकी थी। 

संबंधित वीडियो
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed