कोरोना: विश्वभर में 20 लाख से ज्यादा संक्रमित, अमेरिका में मृतक संख्या 27000 के पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को विश्वभर में 20 लाख से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। जबकि 1,32,835 की जान जा चुकी है। अमेरिका में भी इसका कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। यहां मरीजों का आंकड़ा 6 लाख से ऊपर पहुंच गया है।
वहीं जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय की ताजा रिपोर्ट के हवाले से जानकारी दी गई है कि यूनाइटेड स्टेट्स में बीते 24 घंटे में करीब 2600 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अबतक की एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतों की संख्या है।
इससे पहले खबर थी कि अमेरिका में 24 घंटों में 2,405 मौत हुई थी। इसके साथ ही मृतक संख्या 27,000 को पार कर गई थी। अकेले न्यूयॉर्क में यह संख्या 11,586 तक पहुंच गई है। इससे राज्य के गवर्नर और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच टकराव बढ़ गया है। गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने ट्रंप के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।
ट्रंप-गवर्नर में टकराव तेज
दरअसल, ट्रंप ने दावा किया कि देश में लॉकडाउन हटाने व अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने से जुड़े फैसले लेने को उन्हें किसी की सलाह की जरूरत नहीं है, वे खुद सक्षम हैं। इस पर कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित न्यूयॉर्क राज्य के गवर्नर एंड्रयू क्योमो ने कहा कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे लोगों की जिंदगी खतरे में पड़े। उन्होंने यहां तक कहा कि ट्रंप तानाशाही से बचें क्योंकि वे राष्ट्रपति हैं, देश के राजा नहीं। इस बीच, अमेरिका में एक दिन में 27,000 नए मामले सामने आए हैं।
सुईफेन्ह बन सकता है दूसरा वुहान
चीन में बुधवार को 46 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा, चीन का सुईफेन्ह शहर दूसरा वुहान बन सकता है। चीन-रूस सीमा स्थित इस शहर में रूस में काम करने वाले चीनी नागरिक आना शुरू हो चुके हैं।
पाकिस्तान: उलेमाओं ने किया लॉकडाउन का विरोध, रोज होगी नमाज
पाकिस्तान के धार्मिक संगठन संघीय सरकार के आदेशों को धता बता रहे हैं। देश के प्रमुख उलेमाओं और धार्मिक विद्वानों ने कहा है कि मस्जिदों में जुमे के साथ रोज पांच वक्त की नमाज होगी। हालांकि उन्होंने सरकार के एहतियाती उपाय लागू करने पर सहमति जताई। इस बीच देश में बुधवार को कोरोना से 11 लोग की मौत हो गई। जबकि कुल संक्रमितों की संख्या 6,000 के पास पहुंच गई।
नेपाल: लॉकडाउन तोड़ने में 2,427 पर कार्रवाई
नेपाल पुलिस ने बुधवार को लॉकडाउन तोड़ने पर 2,427 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। यहां बंद की अवधि 27 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
जी-20 देशों ने गरीब देशों से फिलहाल रोकी कर्ज वसूली
जी-20 देशों ने महामारी के बीच दुनिया के सबसे गरीब देशों से फिलहाल कर्ज वसूली रोकने का फैसला लिया है। जी-20 देशों के वित्त मंत्रियों ने बैठक के बाद कहा, हम गरीब देशों से कर्ज भुगतान को कुछ समय के लिए लंबित करने का समर्थन करते हैं। विश्व बैंक और 20 यूरोपीय व अफ्रीकी देशों ने जी-20 देशों से इस मुद्दे पर संयुक्त अपील की थी।
यूरोप में 10 लाख के पार हुई संक्रमण की संख्या
पूरी दुनिया में संक्रमण के कुल मामलों के आधे सिर्फ यूरोप में है। बुधवार को यहां कोविड-19 संक्रमण की संख्या दस लाख पार करके 10,03,284 हो गई है। स्पेन में 1,72,541 मामले हैं और यहां 18,056 मौतें हुई हैं। वहीं इटली में संक्रमित मामले 1,62,488 और मौत की संख्या 21,067 है। फ्रांस में संक्रमण की संख्या 1,43,303 और मौतें 15,729 हुईं। जर्मनी में कुल 1,27,584 संक्रमितों में से मरने वालों की संख्या 3,254 है। ब्रिटेन में 93,873 लोगों को संक्रमण हुआ है जबकि 12,107 लोगों की मौत हो चुकी है।
न्यूयॉर्क में कोरोना से 4,000 की मौत जिनमें लक्षण नहीं थे
न्यूयॉर्क में अधिकारियों ने लगभग 4,000 ऐसे लोगों के मारे जाने का भी अनुमान जताया है, जो जांच में कभी संक्रमित नहीं पाए गए, लेकिन उनकी कोरोना वायरस से मौत की आशंका है। इसे लेकर अमेरिका की स्वास्थ्य टीमें दहशत में हैं क्योंकि इस तरह के मामले कितनी तादाद में लोगों को संक्रमित कर चुके होंगे इसका अंदाजा लगाया जाना बेहद मुश्किल है।
रियो डि जेनेरियो: दो राज्यों के गवर्नर संक्रमित
ब्राजील के दो राज्यों के गवर्नरों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। उन्होंने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट करके लोगों से इस समय में घर पर ही रहने को कहा है। रियो डी जनेरियो के गवर्नर विल्सन विट्जेल व उत्तरी राज्य पारा के हेल्डर बारबालो को यह संक्रमण हुआ है। विट्जेल ने कहा कि उन्हें शुक्रवार को अस्वस्थ महसूस करने लगे थे, बुखार, गले में खराश और सुगंध ना आने की शिकायत हुई।
कोरोना रोकने को 400 पाकिस्तानी कैदी छोड़े
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की जेलों से लगभग 400 पाकिस्तानी कैदियों को रिहा किया गया। अबू धाबी में पाकिस्तानी दूतावास ने कहा, यूएई सरकार इन लोगों को स्वदेश भेजने के लिए विशेष विमानों की व्यवस्था कर रही है। 400 में से 189 कैदी विशेष उड़ान से पेशावर पहुंच भी गए हैं। जबकि दूसरी फ्लाइट से अन्य कैदियों को फैसलाबाद लाया जाएगा।
जापान : 220 नए मामले कुल संक्रमण 8,393
जापान में 220 नए मामले सामने आए हैं। देशभर में अब तक 179 की मौत हो चुकी है। यहां संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 8,393 हो गई है। जापान में सर्वाधिक मामले टोक्यो और ओसाका से सामने आए हैं।