Sri Lanka: 286 वस्तुओं के आयात से हटाया प्रतिबंध: बीते साल 1200 से ज्यादा वस्तुओं पर लगाई थी पाबंदी
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार रात अधिसूचना जारी की। इसमें उसने 286 सामानों से आयात प्रतिबंधों को हटा दिया है। वहीं 928 सामानों पर अब भी प्रतिबंध जारी रहेगा। वित्त मंत्री शेहन सेमासिंघे ने बताया कि आयात के कारण जनता को सस्ते दरों पर सामान मिलेंगे।
विस्तार
श्रीलंका सरकार ने आयात पर लगे प्रतिबंधों को 250 से अधिक वस्तुओं से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। श्रीलंका के वित्त मंत्रालय ने शनिवार को इसकी घोषणा की है। यह संकेत है कि देश धीरे ही सही लेकिन अब अपने आर्थिक संकट से उबर रहा है। देश की आजादी सन् 1948 के बाद से पहली बार श्रीलंका में पिछले साल आर्थिक संकट आया था। फोरेक्स न होने के कारण देश में पिछले साल दिवालिया घोषित हो गया था।
सामान सस्ते मिलेंगे
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार रात अधिसूचना जारी की। इसमें उसने 286 सामानों से आयात प्रतिबंधों को हटा दिया है। वहीं 928 सामानों पर अब भी प्रतिबंध जारी रहेगा। वित्त मंत्री शेहन सेमासिंघे ने बताया कि आयात के कारण जनता को सस्ते दरों पर सामान मिलेंगे। पिछले साल, अगस्त में सरकार ने चॉकलेट, परफ्यूम और शैम्पू पर प्रतिबंध लगाया था।
राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने कहा- बुरे समय से उबर गया देश
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने नए साल पर एलान किया था कि देश की स्वतंत्रता की 75वीं सालगिरह से ठीक पहले देश अपने सबसे बुरे समय से उबर गया है। विक्रमसिंघे ने नव वर्ष के मौके पर दिए अपने संदेश में कहा सबसे बुरे वक्त से गुजरने के बाद अब हम नव वर्ष 2023 की तरफ देख रहे हैं। पिछले वर्ष हमने हर तरह की कठिनाइयां, अनिश्चितताएं, और निराशाओं को झेला। मुझे यकीन है कि उस दौर से हम निकल चुके हैं।
आईएमएफ ने की सराहना
श्रीलंका की दिवालिया हो चुकी अर्थव्यवस्था को लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने इसी महीने की शुरुआत में सकारात्मक संकेत दिए हैं। आईएमएफ का मानना है कि आर्थिक संकट से जूझ रहे देश की अर्थव्यवस्था पटरी पर लौट रही है। आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक केंजी ओकामुरा ने श्रीलंका के अधिकारियों और आम लोगों से कहा कि सुधार की इस रफ्तार को बनाए रखने की जरूरत है। महत्वपूर्ण नीतिगत कार्रवाइयों के कारण श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में सुधार के शुरुआती संकेत दिख रहे हैं, लेकिन आर्थिक सुधार चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। अधिकारियों और श्रीलंकाई के लोगों दोनों को मजबूती के साथ सुधार की गति को बरकरार रखने की जरूरत है।