{"_id":"6ad8d90105fe34efb405ee57","slug":"badr-agreement-military-deal-between-pakistan-t-rkiye-qatar-and-indonesia-what-will-be-impact-global-equations-2026-10-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"बद्र समझौता: पाकिस्तान, तुर्की, कतर और इंडोनेशिया के बीच सैन्य डील; वैश्विक समीकरणों पर क्या होगा असर?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
बद्र समझौता: पाकिस्तान, तुर्की, कतर और इंडोनेशिया के बीच सैन्य डील; वैश्विक समीकरणों पर क्या होगा असर?
Wed, 21 Oct 2026 08:54 PM IST
प्रशांत तिवारी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Wed, 21 Oct 2026 08:54 PM IST
सार
पाकिस्तान, तुर्की, कतर और इंडोनेशिया ने रक्षा उत्पादन, सैन्य तकनीक, प्रशिक्षण और शोध में सहयोग बढ़ाने के लिए बद्र समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। ‘बद्र मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ नाम का यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है
विज्ञापन
बद्र समझौता
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
पाकिस्तान, तुर्की, कतर और इंडोनेशिया ने बुधवार को कतर की राजधानी दोहा में एक अहम रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए। इसका मकसद चारों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाना और रक्षा क्षमताओं को मजबूत करना है। ‘बद्र मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ नाम का यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है और अमेरिका-ईरान संबंधों पर दुनिया की नजर बनी हुई है।
विज्ञापन
चारों देशों के रक्षा प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर
तुर्की के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, समझौते पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ, तुर्की के रक्षा मंत्री यासर गुलेर, कतर के उप प्रधानमंत्री और रक्षा राज्य मंत्री शेख सऊद बिन अब्दुल रहमान और इंडोनेशिया के उप रक्षा मंत्री यूसुफ जौहरी ने हस्ताक्षर किए। इसके जरिए चारों देश रक्षा क्षेत्र में तालमेल बढ़ाने और एक-दूसरे के अनुभवों का फायदा उठाने की दिशा में काम करेंगे। हालांकि, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने इस समझौते पर अभी तक आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
विज्ञापन
क्या है ‘बद्र समझौता’?
‘बद्र’ नाम इस्लामी इतिहास की एक अहम घटना से जुड़ा है। बद्र वर्तमान सऊदी अरब में स्थित वह जगह है, जहां शुरुआती मुसलमानों और मक्का के कुरैश कबीले के बीच एक बड़ी लड़ाई हुई थी। हालांकि, इस ऐतिहासिक नाम को समझौते के लिए चुनने की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
विज्ञापन
रक्षा तकनीक और हथियारों के निर्माण पर जोर
कतर के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि समझौते का उद्देश्य रक्षा उद्योग, सैन्य तकनीक, तकनीकी प्रशिक्षण और अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है। चारों देश आधुनिक रक्षा प्रणालियों को विकसित करने और रक्षा उपकरणों के उत्पादन में एक-दूसरे की मदद करेंगे। इससे उन्हें नई तकनीक अपनाने और अपनी सैन्य जरूरतों के मुताबिक बेहतर उपकरण तैयार करने में मदद मिल सकती है।
चारों देशों को क्या होगा फायदा?
इस समझौते से रक्षा उत्पादन बढ़ाने, तकनीकी जानकारी साझा करने और संयुक्त परियोजनाओं के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। कतर के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, चारों देश अपनी रक्षा उद्योग क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए आपसी सहयोग बढ़ा सकेंगे। इससे वे अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ मित्र देशों की मांग के मुताबिक रक्षा उपकरण तैयार करने की क्षमता भी विकसित कर सकते हैं। हालांकि, समझौते के तहत निवेश और परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
सऊदी अरब के साथ समझौते की भी चर्चा
इससे पहले पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच भी रक्षा सहयोग बढ़ाने की पहल सामने आई थी। अगस्त में हुए ‘मक्का संयुक्त रक्षा समझौते’ के तहत किसी एक देश पर हमला होने को संबंधित देशों पर हमला माना जाएगा। हालांकि, बद्र समझौते का मुख्य जोर रक्षा उद्योग, तकनीक, प्रशिक्षण और शोध पर है। इसलिए इसे अपने आप में सामूहिक सैन्य सुरक्षा की संधि मानना सही नहीं होगा।
ये भी पढ़ें: ‘यीशु से मिलना है तो भूखे रहो’: केन्या में 191 लोगों की मौत का मामला, जानिए कौन है पादरी पॉल मैकेंजी?
खाड़ी में तनाव के बीच अहम कदम
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस समझौते को अहम माना जा रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय सतर्क है। ऐसे माहौल में चारों देशों का रक्षा सहयोग बढ़ाना उनकी सैन्य तैयारियों और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने की कोशिश है। हालांकि, समझौते का वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि आने वाले समय में चारों देश कितनी संयुक्त परियोजनाएं शुरू करते हैं और उन्हें कितनी तेजी से लागू करते हैं।