{"_id":"6ac06a43a029d9c9720671a5","slug":"australia-car-drives-into-crowd-of-rugby-fans-near-newcastle-several-injured-2026-10-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऑस्ट्रेलिया में बड़ा हादसा: रग्बी फैंस की भीड़ में घुसी कार, 10 लोग घायल; टीम बस का इंतजार कर रहे थे प्रशंसक","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
ऑस्ट्रेलिया में बड़ा हादसा: रग्बी फैंस की भीड़ में घुसी कार, 10 लोग घायल; टीम बस का इंतजार कर रहे थे प्रशंसक
Sat, 03 Oct 2026 08:07 AM IST
शिवम गर्ग
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूकैसल।
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, न्यूकैसल।
Published by: शिवम गर्ग
Updated Sat, 03 Oct 2026 08:07 AM IST
सार
ऑस्ट्रेलिया के न्यूकैसल में रग्बी टीम न्यूकैसल नाइट्स के प्रशंसकों की भीड़ में कार घुस गई। 10 लोग घायल हुए और चालक को गिरफ्तार किया गया। फैंस टीम बस का इंतजार कर रहे थे।
विज्ञापन
अपराध। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स स्थित न्यूकैसल में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। न्यूकैसल नाइट्स रग्बी टीम को विदा करने के लिए सड़क किनारे जुटे प्रशंसकों की भीड़ में एक कार जा घुसी। हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक पांच साल की बच्ची और 67 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर बताई गई है।
विज्ञापन
घटना वॉलसेंड इलाके में न्यूकैसल लिंक रोड पर करीब सुबह 9:30 बजे हुई। टीम के प्रशंसक रविवार को होने वाले एनआरएल ग्रैंड फाइनल से पहले खिलाड़ियों की बस को विदा करने के लिए सड़क पर जमा हुए थे। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस, एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
दो की हालत गंभीर, तीन बच्चे घायल
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल 10 लोगों में से पांच साल की बच्ची और 67 वर्षीय व्यक्ति गंभीर हालत में हैं। बाकी आठ घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। स्थिर हालत वाले घायलों में एक और पांच साल की बच्ची तथा दो साल की बच्ची भी शामिल हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
विज्ञापन
18 वर्षीय चालक गिरफ्तार
पुलिस ने कार चला रहे 18 वर्षीय युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसे अनिवार्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घटना के आतंकवाद से जुड़े होने की बात सामने नहीं आई है।
टीम के पहुंचने से पहले हुआ हादसा
न्यूकैसल के मेयर गेविन मॉरिस के अनुसार, चालक न्यूकैसल नाइट्स का समर्थक था। उनका कहना है कि टीम के पहुंचने से कुछ समय पहले वह कार का इंजन तेज कर रहा था और इसी दौरान उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार भीड़ की ओर चली गई। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है।
न्यूकैसल नाइट्स ने बदला टीम बस का रास्ता
हादसे के बाद न्यूकैसल नाइट्स ने टीम के विदाई जुलूस का रास्ता बदल दिया। क्लब ने प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि कई लोग टीम को विदा करने का मौका चूक सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।