फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   America ›   washington_diary_clinton

प्रेगनेंट हुई क्लिंटन की बेटी, छिड़ी बहस

Sun, 27 Apr 2014 08:50 AM IST
Updated Sun, 27 Apr 2014 08:50 AM IST
विज्ञापन
washington_diary_clinton

बिल और हिलेरी क्लिंटन की बेटी चेल्सी क्लिंटन मां बननेवाली हैं।

विज्ञापन


बहुत अच्छी खबर है। बधाई हो।

अमरीकी मीडिया से अमरीका के नंबर एक राजनीतिक खानदान के लिए कायदे से यही आवाज सुनाई देनी चाहिए थी। लेकिन जब से अखबार रंगीन हुए हैं, खबरें भी रंगीन नजर आनी चाहिए तो चलिए थोडा बहुत मां-बाप, नानी-नाना की हंसती-मुस्कराती, बेटी-दामाद को गले लगाती डिजाइनर कपडों वाली तस्वीरें भी छाप लें।

मरफी रेडियो के गोलूमोलू बच्चे जैसी तस्वीर के साथ लडका होगा या लडकी, शकल सूरत बाप जैसी होगी या नाना जैसी, इन सब पर जितनी पतंगबाजी की जा सकती है वो भी कर लें। अब 34 साल की शादीशुदा महिला मां बनने जा रही है तो इससे ज्यादा मसाला और क्या डाल लेंगे? लेकिन यहां जो आवाजें सुनाई दीं वो अपने आप में अमरीकी मीडिया पर पीएचडी करने का विषय है।
विज्ञापन



यहां पूरे जोशोखरोश के साथ मीडिया में ये बहस छिडी हुई है कि ये बच्चा हिलेरी के 2016 के चुनावी मुहिम के लिए फायदेमंद होगा या उससे हिलेरी की इमेज को नुकसान पहुंचेगा!
विज्ञापन
विज्ञापन


जिस बिचारे या बिचारी ने अभी मां के पेट के अंदर शायद हाथ-पांव मारना भी नहीं शुरू किया होगा, जिसकी धडकनें अभी शायद डॉक्टर ही पकड पाता होगा, वो अमरीका की सियासी नब्ज पर क्या असर डालेगा उस पर पन्ने रंगे जा रहे हैं। ऐंकर समेत चार-चार राजनीतिक विश्लेषक टेलीविजन पर ऐसी बहस कर रहे हैं जैसे ईरान और सीरिया का भविष्य तय होनेवाला हो।

चुनाव में नफा या नुकसान?

washington_diary_clinton

अमरीका में दो ही तरह के लोग हैं। एक वो जो क्लिंटन परिवार से बेहद मोहब्बत करते हैं और दूसरे वो जो उनसे हद से ज्यादा नफरत करते हैं। मीडिया में भी लकीर कुछ वैसी ही खिंची हुई है।

तो क्लिंटन परिवार की चमक से चकाचौंध रहने वाले मीडिया की सुनें तो जब हिलेरी क्लिंटन चेल्सी के दो साल के बच्चे को लेकर चुनावी अभियान में उतरेंगी तो उनके चेहरे पर मातृत्व की गर्माहट देखकर वोटर ऐसे खिंचे चले आएंगे जैसे हैमलिन शहर के बांसुरीवादक की धुन पर पूरे शहर के बच्चे खिंचे चले आते थे।

यानी मीडिया के इस तबके ने एक तरह से ये भी एलान कर दिया कि चेल्सी का भ्रूण हिलेरी के लिए चुनाव प्रचार करेगा और ये एलान तो वो पहले ही कर चुके हैं कि हिलेरी 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में खडी हो रही हैं। वैसे हिलेरी ने खुद ये अभी तक नहीं कहा है।

एक अखबार ने बिल्कुल देसी टीवी चैनलों की तर्ज पर कि "देखने वाली बात होगी कि ऊंट किस करवट बैठेगा" कहते हुए निचोड निकाला कि अभी ये कहना मुश्किल होगा कि हिलेरी की चुनावी मुहिम पर इस बच्चे का क्या असर होगा।

लेकिन जो मीडिया का दूसरा तबका है उसके दिमाग में कहीं कनफ्यूजन नहीं है। उनकी मानें तो बिल और हिलेरी क्लिंटन ने चेल्सी से कहा होगा कि ऐसे ही वक्त पर बच्चा पैदा करो जिससे हमें चुनाव में फायदा हो।

उन्होंने अमरीका को अभी से बताना शुरू कर दिया है कि एक नानी अम्मा को देश के राष्ट्रपति की जिम्मेदारी देना सही नहीं है क्योंकि उनकी असली जिम्मेदारी घर में होगी।

भ्रूण के नाम चिट्ठी!

washington_diary_clinton

वैसे मुझे ये नहीं मालूम कि अब तक के अमरीकी राष्ट्रपतियों में से कितने दादा या नाना बन चुके थे लेकिन रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद के तगडे उम्मीदवार समझे जाने वाले जेब बुश दादा बन चुके हैं।

लेकिन वो मर्द हैं, उन्हें घर-बार की जिम्मेदारी से क्या लेना!

एक अखबार ने तो चेल्सी के भ्रूण के नाम चिठ्ठी लिख डाली है जिसमें उसकी मां, दादी, नानी, नाना सब पर ताने मारे गए हैं। बिचारे भ्रूण से कहा गया है कि जिस उम्र में बच्चे रेंगना सीखते हैं उस उम्र में तुम अपनी मुस्कान और किलकारियों से नानी अम्मा के साथ वोटरों को रिझाने का काम कर रहे होगे।

तुम राज-परिवार में पैदा हुए हो, तुम्हें नानी नाना की गलत कमाई की बदौलत कभी किसी चीज की कमी नहीं होगी।

और हां अगर तुम लडके हो तो जैसे ही 14-15 के होगे तो तुम्हारे नाना बिल क्लिंटन तुमसे कहेंगे कि अपनी सभी गर्लफ्रेंड्स को बिकिनी पार्टी के लिए अपने स्विमिंग पूल पर बुलाओ। तुम्हारे नाना को नौजवान लोग खासकर नई उम्र की लडकियां बेहद पसंद हैं।

वैसे अगर आपको ये लग रहा हो कि ये छोटे-मोटे अखबार है जिनकी रोजी-रोटी इसी तरह की खबरों से चलती है तो बता दूं आपको कि दुनिया के जाने माने अखबार वॉशिंगटन पोस्ट की वेबसाइट पर इन दिनों अमरीकियों से चेल्सी के बच्चे के लिए नाम सुझाने की फर्माइश की जा रही है।

साथ में ये भी लिखा जा रहा है इतिहास का हिस्सा बनिए। क्या पता आपका सुझाया हुआ नाम 2052 में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए खडा हो!

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news, Crime all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed