ट्रंप ने स्टील और एल्यूमीनियम पर बढ़ाया आयात टैक्स, भारत पर भी पड़ेगा असर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी डेमोक्रेट पार्टी के सदस्यों की उपेक्षा करते हुए अपने विदेशी सहयोगियों के चेताने के बावजूद इस्पात पर 25 फीसदी और एल्युमीनियम पर 10 फीसदी आयात शुल्क लगा दिया है।
ट्रंप के इस कदम को विश्व नेताओं ने कारोबारी जंग (ट्रेड वार) बताते हुए चेताया है कि इसका असर अन्य उद्योगों पर पड़ेगा जिसका लक्ष्य अमेरिकी सामान होगा। भारत पर इसका असर पड़ना तय है क्योंकि वह इस्पात (स्टील) क्षेत्र में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है।
ट्रंप का यह फैसला 15 दिन के बाद प्रभाव में आ जाएगा। बढ़े हुए इंपोर्ट टैरिफ पर ट्रंप ने मैक्सिको और कनाडा को बाहर रखते हुए अपने करीबी देशों पर इसके बुरे असर को नरम करने की बात कही है लेकिन व्यावहारिक रूप से ऐसा हो पाना बेहद मुश्किल होगा। यहां तक कि अमेरिका के करीबी सहयोगी जापान और फ्रांस ने भी इससे ट्रेड वार छिड़ने की आशंका जताई है।
ट्रंप ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि अमेरिका की कंपनियां विदेशों से इन धातुओं की खरीद नहीं करें। लेकिन इस फैसले के बाद अमेरिकी कंपनियां स्क्रैप को कच्चा माल बताकर अमेरिका में ही प्रयोग शुरू कर देंगी।
ऐसा होने की स्थिति में एक तरफ तो अमेरिका से भारत व अन्य देशों में आने वाला स्क्रैप बंद हो जाएगा और दूसरी तरफ भारत का बढ़ता बाजार देखते हुए कई दूसरे देश अमेरिका के बजाय भारत में कच्चा माल खपाना शुरू कर देंगे। जिससे भारत जैसे देशों में घरेलू बाजार में कंपनियों का मार्जिन काफी कम हो जाएगा और कीमतों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत दुनिया से एक करोड़ टन स्क्रैप का आयात करता है जिसकी 20 फीसदी आपूर्ति अमेरिका से होती है। इंडियन स्टील एसोसिएशन ने भी ट्रंप के इस फैसले पर चिंता जताई है।
भारत पर तुरंत पड़ा फैसले का असर
अमेरिका में ट्रंप के फैसले के तुरंत बाद इसका असर भारत में स्पष्ट दिखाई दिया। भारतीय शेयर बाजार में मेटल सेक्टर से जुड़ी कंपनियों में भारी बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी पर सबसे ज्यादा घटने वाली कंपनियों में हिंडाल्को और टाटा स्टील आगे रहीं। इसके अलावा टाटा मोटर्स, अरविंदों फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफ्राटेल के शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली।
भारत में आयात शुल्क पर जता चुके हैं आपत्ति
एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने देश में आयात शुल्क लगाकर पूरी दुनिया में कारोबारी जंग के हालात पैदा कर दिए हैं और दूसरी तरफ हाल ही में हार्ले डेविडसन मोटरसाइकिल पर भारत में उच्च आयात शुल्क को लेकर ट्रंप निशाना साध चुके हैं। ट्रंप ने इसे अनुचित करार दिया और वह भी ऐसे समय में जबकि भारत ने हार्ले डेविडसन जैसी महंगे ब्रांड की आयतित मोटरसाइकिलों पर आयात शुल्क को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया है।