सर्वे: चौथी मुलाकात में परवान चढ़ता है प्यार
पहली नजर में प्यार एक मिथक हो सकता है। लेकिन एक सर्वे में पाया गया कि प्रेमियों में प्यार का परवान चौथी मुलाकात में चढ़ता है। यानी प्यार के रंग में रंगने के लिए लवर्स को कम से कम चार बार मुलाकात की दरकार होती है तब जाकर प्यार पक्का होता है।
अमेरिका में हैमिल्टन कॉलेज के शोधकर्ताओं ने लोगों के चेहरों की तस्वीरें युवा पुरुष और महिलाओं के एक समूह को दी और लोगों के आकर्षण को रैंक देने को कहा गया।
साथ ही तस्वीर के प्रति प्रतिभागियों के आकर्षण को आंकने के लिए उनके ब्रेन को वायर के जरिये मॉनिटर से जोड़ दिया गया।
बार-बार देखने पर बढ़ता है आकर्षण
प्रतिभागियों को एक ही तस्वीर चार बार दिखाई गई। शोधकर्ताओं ने पाया कि प्रतिभागियों को वे चेहरे पहली बार की तुलना में दूसरी बार ज्यादा आकर्षक लगे।
यह आकर्षण तीसरी बार उससे भी ज्यादा रहा और चौथी बार यह आकर्षण अपने सातवें आसमान पर था। मॉनिटर पर ब्रेन के केंद्र में ज्यादा उत्साह और खुशी के अलावा अतिरिक्त ऊर्जा देखने को मिली।
हैमिल्टन कॉलेज के मनोचिकित्सक रवि तिरुचसेलवम ने कहा, ‘बार-बार मिलने और देखने से आकर्षण में निरंतर बदलाव देखने को मिले हैं और एक ही तस्वीर उन्हें बार-बार देखने पर ज्यादा आकर्षक लगने लगी जबकि प्रारंभ में यह आकर्षण उतना नहीं था।’