ओबामा को यकीन, ट्रंप नहीं बन पाएंगे राष्ट्रपति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा का मानना है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ में शामिल रिपब्लिकन नेता डोनाल्ड ट्रंप का व्हाइट हाउस पहुंचने का सपना कभी पूरा नहीं होगा।
ओबामा ने कहा कि उन्हें पक्का यकीन है कि ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित नहीं हो पाएंगे। क्योंकि अमेरिकी लोग काफी समझदार हैं और वह किसी गंभीर व्यक्ति को ही अमेरिका का राष्ट्रपति चुनेंगे। उल्लेखनीय है कि ट्रंप अपने विवादित बयानों की वजह से काफी सुर्खियों में रहे हैं।
उन्होंने मुस्लिमों के अमेरिका में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही थी, जिसकी दुनिया भर में जमकर आलोचना हुई थी। हालांकि, इस बयान के बाद सर्वे में ट्रंप को काफी बढ़त मिलती दिखाई गई थी। आठ नवंबर को ओबामा के उत्तराधिकारी का चुनाव होना है।
सर्वेक्षणों में आगे चल रहे हैं ट्रंप
कैलिफोर्निया में 10 दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के प्रतिनिधियों के शिखर सम्मेलन से इतर में ओबामा ने कहा, ‘यह कोई टॉक शो या रियलिटी शो करने जैसा नहीं है। यह कोई मार्केटिंग या प्रचार भी नहीं है। यह काम बेहद कठिन है।’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने रीयल एस्टेट से जुड़े अरबपति उद्योगपति ट्रंप की उनके बयानों के लिए जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस को उम्मीद है कि ट्रंप राष्ट्रपति के तौर पर नहीं चुने जाएंगे। ओबामा ने कहा कि उन्हें अमेरिकी लोगों पर काफी भरोसा है। मेरी तरह अमेरिकी भी मानते हैं कि राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारी संभालना काफी गंभीर काम है। इसलिए वे सही आदमी का चुनाव करेंगे।
अमेरिकी काफी समझदार हैं और आखिर में वे समझदारी भरा फैसला करेंगे। अमेरिका के कई सर्वेक्षणों के अनुसार राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के रिपब्लिकन दावेदारों में 69 वर्षीय ट्रंप काफी आगे चल रहे हैं।