ट्रंप के दामाद बनेंगे व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के बड़े पूंजीपति, प्रॉपर्टी डेवलपर और एक अखबार के प्रकाशक जैरेड कुशनर को उनके ससुर डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस का वरिष्ठ सलाहकार बनाया है। 35 वर्षीय जैरेड कुशनर बहुत ही मृदुभाषी और व्यवहार कुशल हैं जिन्होंने ट्रंप की बेटी इवांका से 2009 में शादी की थी। इस महत्वपूर्ण पद पर ट्रंप ने अपने दामाद के नाम की घोषणा कानून और नैतिकता संबंधी चिंताओं को दरकिनार करते हुए की है।
कुशनर के पास ट्रंप के चुनाव अभियान में हिस्सा लेने के अलावा कोई राजनीतिक अनुभव नहीं है। कहा जाता है कि ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान की डिजिटल रणनीति तैयारी करने व उसके लिए होने वाली नियुक्तियों में कुशनर का सबसे बड़ा योगदान था। वह शर्मीले स्वभाव के हैं और खामोशी के साथ काम करना पसंद करते हैं। ट्रंप ने कहा कि - ‘अभियान और बदलाव के दौरान जैरेड एक विश्वसनीय सलाहकार रहे और अपने प्रशासन में एक प्रमुख भूमिका में उन्हें लेने पर मुझे गर्व है।’ उन्होंने कहा कि - ‘वह उद्योग व राजनीति दोनों क्षेत्रों में काफी सफल रहे हैं। वह मेरे दल के एक अहम सदस्य होंगे।’
ट्रंप के इस कदम को 50 वर्ष पुराने भाई-भतीजावाद विरोधी कानून के तहत चुनौती दी जा सकती है। हालांकि ट्रंप की ट्रांजिशन टीम ने कहा कि व्हाइट हाउस में जैरेड को नियुक्त करने में कोई कानूनी समस्या नहीं है क्योंकि वर्ष 1967 में लागू भाई-भतीजावाद विरोधी कानून राष्ट्रपति के स्टाफ पर लागू नहीं होता है। कुशनर की नियुक्ति के बाद न्यायिक समिति के रैंकिंग सदस्य जॉन कॉन्यर्स और न्यायिक उप समिति के रैंकिंग सदस्य जेरॉल्ड नैडलर समेत अन्य डेमोक्रेटिक सांसदों ने न्याय विभाग से संपर्क कर भाई-भतीजावाद तथा इसके चलते हितों के टकराव को लेकर चिंता की समीक्षा करने को कहा है।
कुशनर की राह में खड़ी हैं मुश्किलें
कुशनर ने कहा कि ‘देश के लिए काम करना सम्मान की बात है। मैं नवनिर्वाचित राष्ट्रपति और अमेरिकी जनता के जोश से उत्साहित और ‘अभिभूत’ हूं।’ ट्रांजिशन टीम ने कहा कि जैरेड कुशनर ने प्रशासन में सेवाएं देने के एवज में तनख्वाह नहीं लेने का फैसला लिया है। व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ राइनस प्रीबस ने कहा कि कुशनर एक दुर्लभ क्षमता वाले दूरदर्शी हैं जो संवाद के जरिए एक व्यापक समर्थन एकत्र कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कुशनर की इस नियुक्ति के बाद उनका प्रभाव घरेलू और विदेशी नीतियों तथा पश्चिम एशिया संबंधी मुद्दों एवं व्यापार संबंधी समझौतों पर बढ़ जाएगा।
कुशनर की राह में खड़ी हैं मुश्किलें
अमेरिका के सांसदों ने यूएस ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स को लिखे एक पत्र में कहा है कि कुशनर की नियुक्ति मुश्किल खड़ी कर सकती है। संघीय भाई-भतीजावाद कानून के तहत एक जन अधिकारी जिस एजेंसी में काम कर रहा है वह उस एजेंसी में इस तरह की नियुक्ति नहीं कर सकता है। कानून में ‘जन अधिकारी’ की व्याख्या में राष्ट्रपति भी शामिल हैं और जिस ‘संबंधी’ शब्द को परिभाषित किया गया है उसमें ‘दामाद’ भी शामिल है। डेमोक्रेटिक सांसदों का आरोप है कि व्हाइट हाउस में नियुक्ति के बाद कुशनर अपने कारोबारी हितों पर असर डालने वाली नीति को प्रभावित कर सकते हैं।
कट्टर यहूदी व कम उम्र में प्रभावशाली रहे हैं कुशनर
ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर एक कट्टर यहूदी हैं और उनके दादा-दादी हिटलर द्वारा यहूदियों पर किए गए जनसंहार से किसी तरह बचकर निकले थे। ट्रंप पर यहूदी विरोधी होने के आरोप पर उन्होंने अपने ससुर का बचाव किया था। उनके पिता ने भी प्रॉपर्टी के धंधे में काफी धन कमाया था। वह महज 25 वर्ष की उम्र में ही न्यूयॉर्क ऑब्जर्वर नामक अखबार के मालिक बन गए थे। कुशनर के बहुत अच्छे नंबर नहीं आने पर भी उन्हें हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में दाखिला मिला था, जिस पर काफी विवाद मचा था। उनके पिता चार्ल्स को टैक्स चोरी के आरोप में जेल तक भुगतनी पड़ी थी।